Ghaziabad: गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की चाकू और कांच का टुकड़ा घोंपकर हत्या कर दी। इस दौरान महिला ने अपने रिश्तेदार को फोन कर बचाने की गुहार लगाई थी, लेकिन आरोपी ने फोन छीनकर बातचीत के दौरान ही उसकी हत्या कर दी। इस वारदात की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हो रही है।
कमरे में बंद कर तड़पाकर मारा
घटना पसौंडा कॉलोनी की है, जहां बागपत के बड़ौत निवासी 32 वर्षीय शहनाज का निकाह 14 साल पहले शमशाद से हुआ था। शमशाद ट्रेवल एजेंसी में चालक है और दोनों के चार बच्चे हैं। मंगलवार शाम शहनाज और शमशाद के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद शमशाद ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान शहनाज ने अपने भाई और फूफी को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई, लेकिन शमशाद ने फोन छीन लिया और फिर बातचीत के दौरान ही उस पर हमला कर दिया।
बोतल तोड़कर पेट में घोंपा कांच, फिर चाकू से वार
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पहले कांच की बोतल तोड़कर शहनाज के पेट में घोंप दी और फिर सब्जी काटने वाले चाकू से कई वार किए। शहनाज की चीखें घर के बाहर तक सुनाई दीं, लेकिन गेट अंदर से बंद होने के कारण परिजन चाहकर भी उसे नहीं बचा सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। परिजन शहनाज को लेकर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल, हत्या के वक्त चल रही थी बातचीत
मामले ने उस वक्त तूल पकड़ लिया जब हत्या के दौरान शहनाज की फूफी और शमशाद के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो गई। ऑडियो में शमशाद अपनी फूफी से कहता है –
“सिर्फ 10 मिनट दे रहा हूं, पुलिस भेज दो।”
इस दौरान शहनाज तड़प-तड़पकर जान की भीख मांगती रही, लेकिन शमशाद बेरहमी से वार करता रहा। ऑडियो में शहनाज दर्द से कहती है –
“बहुत दुख रहा है… मुझे बचा लो।”
इस दौरान उसके बच्चे भी चीखते रहे, लेकिन शमशाद नहीं रुका और अंत में फोन कट हो गया।
दो हफ्ते पहले दर्ज कराई थी गुमशुदगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शहनाज दो हफ्ते पहले एक अन्य युवक के साथ चली गई थी, जिसके बाद शमशाद ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चार दिन पहले वह घर लौटी, लेकिन उसने इस दौरान कहां थी, इसकी जानकारी नहीं दी। मंगलवार को जब शमशाद को पता चला कि वह उसी युवक के साथ रहना चाहती है, तो उसने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी।
ये भी पढ़ें..
UP Budget: योगी सरकार का बड़ा बजट पेश, जानें 20 अहम प्रावधान
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी गिरफ्तार
ट्रांस हिंडन के डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी शमशाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और कांच का टुकड़ा बरामद कर लिया है। वायरल ऑडियो की भी जांच की जा रही है।
बच्चों के सामने खून से सनी कहानी
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। चार मासूम बच्चे अपनी मां को खो चुके हैं, जबकि आरोपी पिता सलाखों के पीछे है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

