ICC ODI Rankings: चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत के साथ ही आईसीसी ने ताजा वनडे रैंकिंग जारी की है। भारत के स्टार बल्लेबाज और उपकप्तान शुभमन गिल दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के बाबर आजम को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। गिल के अलावा भारत के तीन अन्य खिलाड़ी भी शीर्ष-10 बल्लेबाजों की सूची में शामिल हैं।
भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा
गिल के 796 रेटिंग अंक हैं, जबकि बाबर आजम 773 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 761 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। वहीं, विराट कोहली 746 अंकों के साथ छठे और श्रेयस अय्यर 725 अंकों के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। श्रेयस को एक स्थान का फायदा हुआ है। शीर्ष-5 बल्लेबाजों में दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन (756 अंक) चौथे और न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (740 अंक) पांचवें स्थान पर हैं।
शानदार फॉर्म में गिल और श्रेयस
25 वर्षीय शुभमन गिल हाल के दिनों में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक शतक और दो अर्धशतक जड़े थे। उन्होंने 86.33 की औसत और 103.60 के स्ट्राइक रेट से 259 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने भी दमदार प्रदर्शन किया और 60.33 की औसत व 123.13 के स्ट्राइक रेट से 181 रन बनाए। रोहित शर्मा ने भी एक शतक जड़कर तीसरा स्थान बनाए रखा।
यह भी पढ़ें: Champions Trophy 2025: मिनी वर्ल्ड कप के लिए मंच तैयार, कल से हो रहा शुरू, जानें फुल शेड्यूल से लेकर सबकुछ
महेश तीक्षणा बने नंबर-1 वनडे गेंदबाज
गेंदबाजों की रैंकिंग में श्रीलंका के महेश तीक्षणा नया नंबर-1 खिलाड़ी बन गए हैं। उनके 680 रेटिंग अंक हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के राशिद खान (669 अंक) को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया। नामीबिया के बर्नार्ड स्कोल्ज (662 अंक) तीसरे स्थान पर हैं, जबकि भारत के कुलदीप यादव (652 अंक) एक स्थान के सुधार के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। टॉप-10 में भारत के मोहम्मद सिराज भी शामिल हैं, जो 10वें स्थान पर हैं। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी एक स्थान खिसककर पांचवें स्थान पर आ गए हैं।
ऑलराउंडर्स में मोहम्मद नबी शीर्ष पर
वनडे ऑलराउंडर्स की सूची में अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी पहले स्थान पर काबिज हैं। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा दूसरे, अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह जजई तीसरे, बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज चौथे और अफगानिस्तान के राशिद खान पांचवें स्थान पर हैं। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ही टॉप-10 में जगह बना पाए हैं। वह 10वें स्थान पर हैं।