House & Toll Tax News : गाजियाबाद जिले में एक अप्रैल से कई महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं, जिनका असर यहां के निवासियों और यात्रियों पर पड़ेगा। टोल दरों में वृद्धि, गृहकर पर ब्याज, कागजी स्टाम्प की बंदी और जीडीए से नक्शा पास कराने के शुल्क में वृद्धि समेत कई अहम परिवर्तन हो रहे हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से।
टोल दरों में वृद्धि
31 मार्च रात 12 बजे के बाद दिल्ली-मेरठ और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के साथ एनएच-9 पर टोल महंगे हो गए हैं। दिल्ली से मेरठ तक एक्सप्रेसवे पर कार और जीप का टोल 5 रुपये और बस-ट्रक का टोल 20 रुपये अधिक वसूला जा रहा है। इसके अलावा, अन्य श्रेणी के वाहनों की टोल दरें भी बढ़ी हैं। एनएच-9 के छिजारसी टोल प्लाजा पर नई दरें लागू हो चुकी हैं। अब, वाहन चालकों को अधिक शुल्क देना होगा।
नई टोल दरें (एनएच-9, छिजारसी टोल)
वाहन श्रेणी | नई दर | पुरानी दर |
कार, जीप | ₹175 | ₹170 |
लाइट कॉमर्शियल वाहन | ₹280 | ₹270 |
बस और ट्रक | ₹590 | ₹570 |
थ्री एक्सल कॉमर्शियल वाहन | ₹640 | ₹620 |
भारी मशीन | ₹925 | ₹890 |
सात एक्सल से ज्यादा वाले वाहन | ₹1125 | ₹1085 |
गृहकर न देने वालों पर 12% ब्याज
गृहकर (हाउस टैक्स) न जमा करने वाले एक लाख लोगों पर अब 12 फीसदी ब्याज लगेगा। नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष समाप्त होने पर हाउस टैक्स जमा नहीं करने वाले करदाताओं से 12% ब्याज वसूला जाएगा। करीब 4.5 लाख करदाताओं में से एक लाख ने अभी तक हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। अब इनसे 12% ब्याज के साथ टैक्स वसूला जाएगा। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा के अनुसार, इस वर्ष 300 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स वसूली की गई है।
कागजी स्टाम्प की बंदी
मेरठ में हुए स्टाम्प पेपर घोटाले के बाद 10 से 25 हजार रुपये के कागजी स्टाम्प एक अप्रैल से चलन से बाहर कर दिए गए हैं। जिनके पास ये स्टाम्प थे, उन्हें 31 मार्च तक वापसी का मौका दिया गया था। हालांकि, केवल पांच लोगों ने ही 15,32,700 रुपये के स्टाम्प वापसी का आवेदन किया। मेरठ में हुए घोटाले में फर्जी स्टाम्प का इस्तेमाल कर रजिस्ट्री कराई गई थी, जिससे भारी नुकसान हुआ था।
नक्शा पास कराने के शुल्क में वृद्धि
इस वित्तीय वर्ष से जीडीए (गाजियाबाद विकास प्राधिकरण) से नक्शा पास कराने का शुल्क महंगा हो गया है। शासन के निर्देशानुसार, अब इस शुल्क में करीब 5% तक की वृद्धि की गई है, जिससे प्राधिकरण क्षेत्र में मकान बनवाने के इच्छुक लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। नक्शा पास कराने के लिए प्राधिकरण से विभिन्न मदों में शुल्क लिया जाता है, जिसमें इस बार वृद्धि की गई है।
घामडौज टोल पर अतिरिक्त शुल्क
गुरुग्राम में स्थित सोहना-गुरुग्राम एलिवेटेड रोड पर बने घामडौज टोल पर भी वाहन चालकों को अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इस टोल पर 3.84% तक की बढ़ोतरी की गई है। मंगलवार से कार और जीप से एक तरफ का 130 रुपये और आने-जाने का 195 रुपये टैक्स लिया जाएगा। वहीं, बस और ट्रक से एक तरफ का 445 रुपये और दोनों तरफ का 665 रुपये वसूला जाएगा।
ये भी पढ़ें : Noida : नोएडा में महिला ने कारोबारी को ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए धोखा देकर करोड़ों की ठगी
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”