समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाने वाला आजमगढ़ में इस बार भाजपा ने उप चुनाव में जीत दर्ज कर सपा को तगड़ा झटका दिया है। समाजवादी पार्टी का गढ़ जितने के बाद भाजपा ने अब 2024 के लिए हुंकार भर दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज आजमगढ़ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को जमकर घेरा और निशाना साधा। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के सांसद (अखिलेश तब आजमगढ़ सांसद थे) कोरोना काल में टीका लगाने नहीं आए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को टीका लगवाया।
बता दें कि भाजपा के कद्दावर नेता और केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने आजमगढ़ जिले को 46 सौ करोड़ से भी ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात दी है। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रदेश के विकास का अवरोधक करार दिया।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि पहले जो आजमगढ़ आतंक के लिए जाना जाता था, आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कला के क्षेत्र में दुनिया में नाम करने वाले कला के साधक छन्नू लाल मिश्र की इस धरती पर संगीत महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारों में आजमगढ़ को सम्मान नहीं मिलता था। आज उत्तर प्रदेश के हर गांव और घर में बिजली पहुंच रही है। भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार में उत्तर प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है।

