देश में पिछले 1 साल से वाराणसी में चल रहे ज्ञानवापी मामले को लेकर अभी तक कोई भी हल नहीं निकल पाया है। अब 19 मई यानि आज ज्ञानवापी से जुड़े तीन केसों की शुक्रवार को विभिन्न अदालतों में सुनवाई होगी। राखी सिंह समेत पांच महिलाओं की ओर से जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत में श्रृंगार गौरी के नियमित दर्शन-पूजन समेत अन्य मांगों को लेकर दाखिल अर्जी पर सुनवाई होगी। इसमें ज्ञानवापी परिसर में एक और एडवोकेट कमिश्नर की कार्यवाही के प्रार्थना पत्र पर भी होनी है।
दूसरे मामले की सुनवाई सिविल जज सीनियर डिविजन की अदालत में होनी है। इसमें पर्यावरणविद् प्रभु नारायण ने ज्ञानवापी परिसर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक आदि मांग की है। जिसमें प्रतिवादी पक्ष की ओर से आपत्ति दाखिल होनी है। वहीं एक तरह के आठ मुकदमों को एक ही अदालत में ‘सुनने की मांग के संबंध में जिला जज की अदालत में आदेश आना है।
सुप्रीम कोर्ट ज्ञानवापी परिसर में मिली शिवलिंग जैसी आकृति की उम्र का पता लगाने के लिए कार्बन डेटिंग व वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ मुस्लिम पक्ष की याचिका पर भी शुक्रवार को सुनवाई करेगा।

