हरियाणा (Haryana) में बीजेपी (BJP) ने लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाने के बाद नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। वे राज्य के 19वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। हालांकि, वे इस पद पर आसीन होने वाले 11वें नेता हैं। तो वहीं नायब सैनी के साथ 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में हुआ था। इस शपथ समारोह में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेंत तमाम दिग्गज नेता पहुंचे थे. इसी के साथ इस समारोह में दूसरे राज्यों के एनडीए शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए थे और सीएम की शपथ लेने के बाद सभी ने नायब सिंह सैनी को बधाई दी.
तो वहीं बात करें CM सैनी के 13 मंत्रियों की तो इसमें सबसे ज्यादा 5 चेहरे ओबीसी वर्ग से हैं। जाट, ब्राह्मण और SC वर्ग से 2-2 मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा पंजाबी, राजपूत और वैश्य बिरादरी से एक-एक को मंत्री बनाया गया है। तो आइये आपको बताते है CM सैनी के 13 मंत्रियों के बारें में….
1- अनिल विज:
पहले नंबर पर है अंबाला कैंट से बीजेपी विधायक अनिल विज. उन्होंने सीएम सैनी के बाद दूसरे नंबर पर शपथ ली थी. अनिल विज अंबाला कैंट से विधायक हैं. बता दें कि अनिल विज इससे पहले भी राज्य सरकार में गृह और स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं.
2- किशन लाल पंवार:
किशन लाल पंवार ने अनिल विज के बाद मंत्री पद की शपथ ली थी. आपको बता दें कि हरियाणा में बीजेपी के कद्दावर दलित नेता किशन पवार इसराना विधानसभा सीट से लगातार छठवीं बार विधायक बने हैं. वह 2015 से 2019 तक हरियाणा सरकार में मंत्री रह चुके हैं. तो वहीं पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर की सरकार में परिवहन, आवास, जेल मंत्री रह चुके हैं.
3- राव नरबीर सिंह:
नरबीर सिंह, जो यादव समुदाय से हैं, गुरुग्राम के निकट स्थित बादशाहपुर सीट से विधायक हैं। उन्होंने चार बार विधानसभा का चुनाव जीता है और खट्टर सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इस बार उन्होंने 60 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी.
4- महिपाल ढांडा:
पानीपत ग्रामीण से बीजेपी विधायक महिपाल ढांडा ने हाल ही में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। वह जाट बिरादरी से हैं और पहले भी राज्य सरकार में विकास एवं पंचायत तथा सहकारिता के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में कार्य कर चुके हैं। महिपाल ढांडा लगातार तीन बार विधायक रह चुके हैं.
5- विपुल गोयल:
फरीदाबाद सीट से विधायक विपुल गोयल ने एक बार फिर राज्य सरकार में मंत्री पद की शपथ ली है। इस बार उन्होंने 48 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की है. विपुल गोयल, वैश्य समुदाय से हैं, वह पहले 2016 में खट्टर सरकार में मंत्री बने थे और अब तक दो बार विधायक रह चुके हैं.
6- अरविंद कुमार शर्मा:
सोनीपत की गोहाना सीट से विधायक अरविंद कुमार शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। वह चार बार सांसद रह चुके हैं और हरियाणा में बीजेपी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरे के रूप में पहचान रखते हैं। शर्मा ने 2014 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का निर्णय लिया था।
7- श्याम सिंह राणा:
हरियाणा में बीजेपी के महत्वपूर्ण राजपूत चेहरे श्याम सिंह राणा ने हाल ही में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। वे 2014 में बीजेपी से विधायक बने, लेकिन 2019 में उन्हें टिकट नहीं दिया गया। 2020 में किसान बिल को लेकर उन्होंने बीजेपी छोड़ने का निर्णय लिया था, लेकिन बीजेपी में वो वापस आ गये थे.
8- रणबीर गंगवा:
रणबीर गंगवा बरवाला सीट से बीजेपी विधायक हैं और वह विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके हैं। पिछड़े तबके से आने वाले गंगवा ने 2014 में पहली बार नलवा सीट से विधायक बनने का अनुभव प्राप्त किया। वह अब तक तीन बार विधायक रह चुके हैं.
ये भी पढ़ें…
Noida: नोएडा में नाले की खुदाई के दौरान मजदूर को लगा करंट, उपचार के दौरान मौत
9- कृष्ण कुमार बेदी:
कृष्ण कुमार बेदी बीजेपी के प्रमुख दलित चेहरे हैं और मनोहर लाल खट्टर के पूर्व राजनीतिक सचिव रह चुके हैं। उन्होंने 2014 में पहली बार राज्यमंत्री बनने का अनुभव प्राप्त किया। जींद जिले की नरवाना सीट से विधायक बने बेदी ने 2014 में शहबाद सीट पर बहुत कम मतों के अंतर से चुनाव जीता था।
10- श्रुति चौधरी:
2009 से 2014 तक भिवानी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर सांसद रह चुकी श्रुति चौधरी ने हाल ही में मंत्री पद की शपथ ली है। वह दिग्गज नेता किरण चौधरी की बेटी और पूर्व सीएम बंशीलाल की पौत्री हैं। श्रुति चौधरी हरियाणा की पहली मंत्री हैं जिन्होंने आज अंग्रेजी में शपथ ली है वो जाट समुदाय से आती है.
11- आरती सिंह राव:
आरती सिंह राव ने दूसरी महिला मंत्री के रूप में कैबिनेट मंत्री के पद की शपथ ली है। वह केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी हैं और अटेली सीट से पहली बार विधायक बनी हैं। अहीर समुदाय से आने वाली आरती राव पहली बार मंत्री बनी हैं.
12- राजेश नागर:
फरीदाबाद की तिगांव सीट से बीजेपी विधायक राजेश नागर ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली है। ओबीसी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले नागर ने 37 हजार वोटों के अंतर से चुनाव जीतकर लगातार दूसरी बार विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया है।
13- गौरव गौतम:
गौरव गौतम, जो ब्राह्मण समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, ने हाल ही में राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली है। 36 साल की उम्र में, वे सबसे युवा मंत्री हैं और केंद्रीय मंत्री कृष्ण सिंह गुर्जर के करीबी माने जाते हैं। हरियाणा बीजेपी का युवा चेहरा, गौरव पलवल सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने हैं, जहां उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल को शिकस्त दी।

