Gurugram Cab Fraud: गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कैब बुक कर घंटों तक यात्रा करने वाली एक महिला ने न सिर्फ किराया देने से इनकार कर दिया, बल्कि कैब ड्राइवर को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। हैरानी की बात यह रही कि यात्रा के दौरान महिला ने खाने-पीने का खर्च भी ड्राइवर से ही करवाया। आखिरकार परेशान ड्राइवर को खुद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
सुबह शुरू हुई यात्रा, शाम तक चलता रहा ड्रामा
पीड़ित कैब चालक जियाउद्दीन, जो हरियाणा के नूंह जिले के धाना गांव के रहने वाले हैं, ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला यात्री ज्योति दलाल ने उनकी कैब बुक की। शुरुआत में गंतव्य सामान्य लगा—पहले सेक्टर-31, फिर बस स्टैंड और उसके बाद साइबर सिटी।
लेकिन इसके बाद यात्रा का कोई तय अंत नहीं रहा। महिला अलग-अलग इलाकों में रुकती रही और घंटों तक कैब को घुमाती रही।
खाने-पीने का खर्च भी ड्राइवर से
ड्राइवर के मुताबिक, यात्रा के दौरान महिला ने उनसे 700 रुपये उधार भी मांगे, जो उन्होंने मजबूरी में दे दिए। अलग-अलग जगहों पर रुककर महिला खाने-पीने लगी और हर बार भुगतान ड्राइवर को ही करना पड़ा। जब दोपहर बाद ड्राइवर ने यात्रा समाप्त करने और किराया चुकाने की बात कही, तो महिला का व्यवहार अचानक बदल गया।
किराया मांगते ही दी झूठे केस की धमकी
जियाउद्दीन का आरोप है कि किराया मांगते ही महिला गुस्से में आ गई और उन्हें छेड़छाड़ व चोरी जैसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने लगी। इतना ही नहीं, महिला सीधे सेक्टर-29 थाने पहुंची और वहां भी हंगामा खड़ा कर दिया।
ड्राइवर के मुताबिक, महिला थाने में खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश कर रही थी। महिला के वहां से जाने के बाद जियाउद्दीन ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पहले भी कर चुकी है ऐसी हरकतें
पुलिस जांच में सामने आया कि ज्योति दलाल पर पहले से भी ऐसे आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, महिला ने इससे पहले एक सैलून से करीब 20 हजार रुपये की ठगी की थी और एक अन्य कैब ड्राइवर को भी 2,000 रुपये का भुगतान नहीं किया था।
फरवरी 2024 में किराए को लेकर एक कैब चालक से बहस करते हुए महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था, जिसमें वह हंगामा करती नजर आई थी।
पुलिस ने दर्ज की FIR
सेक्टर-29 थाने के SHO रवि कुमार ने बताया कि महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और BNS की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत सही पाई गई है और आरोपी महिला की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
कैब ड्राइवरों की बढ़ती चिंता
इस घटना के बाद कैब ड्राइवरों में गहरी चिंता देखी जा रही है। ड्राइवरों का कहना है कि कई बार झूठे आरोपों के डर से वे आवाज नहीं उठा पाते। इस तरह की घटनाएं उनके लिए न सिर्फ आर्थिक नुकसान, बल्कि मानसिक दबाव भी बन जाती हैं।
सबक और सतर्कता जरूरी
यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि कैब सेवाओं से जुड़े लोगों के लिए भी कानूनी सुरक्षा और सतर्कता बेहद जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि ड्राइवरों को डिजिटल पेमेंट, ट्रिप लिमिट और इमरजेंसी रिपोर्टिंग सिस्टम का अधिक इस्तेमाल करना चाहिए।
ये भी पढ़ें: Iran Protest: खामेनेई के खिलाफ उबाल, ट्रंप के बयान से Gen Z का हौसला बुलंद
ये भी देखें: Amit Shah: अमित शाह का बंगाल मिशन, BJP की रणनीति और चुनौतियां

