ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गैलेक्सी ब्लू सफर डायमंड स्थित तथास्तु बार में जन्मदिन पार्टी के दौरान डीजे बंद करने को लेकर कॉलेज छात्रों ने तोड़फोड़ और कर्मचारियों से मारपीट की। विरोध करने पर बार संचालक समेत कर्मचारियों को धमकी दी। बार संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सात कॉलेज छात्रों पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपियों पर शांति भंग करने की कार्रवाई की है।
युवाओं ने मचाया हंगामा
बिसरख कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में तथास्तु बार संचालक अर्जुन सिंह ने कहा कि 28 सितंबर को कॉलेज छात्र उनके यहां जन्मदिन पार्टी करने आए थे। इनमें नकुल का जन्मदिन था। रात को निर्धारित समय होने पर डीजे बंद कर दिया। इस बात पर नकुल व उसके साथी सौरव, अभिषेक, कपिल, आकाश, अमित, चिन्मय भड़क गए। आरोप है कि सभी ने हंगामा किया।
ये भी पढ़ें : Noida : गायों ने खाई घास तो मार कर किया अधमरा, एक गाय की हुई मौत
पुलिस ने दी चेतावनी
आरोपियों ने बार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट भी की। बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार राजपूत ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की गई। सभी आरोपी छात्र थे और धाराएं भी जमानती थीं। इसके चलते सभी के खिलाफ शांति भंग करने की कार्रवाई के बाद चेतावनी दी गई है।