ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के बल्लू खेड़ा गांव में बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने चाचा-भतीजे पर फावड़े से हमला कर दिया। चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भतीजे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी परिजनों को बृहस्पतिवार सुबह हुई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
लहूलुहान अवस्था में देख परिजनों के उड़े होश
जानकारी के मुताबिक बल्लू खेड़ा गांव में राम कुमार (52) और विक्रमादित्य (45) का परिवार रहता है। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे हैं। बुधवार रात रामकुमार और विक्रमादित्य गांव के बाहर स्थित घर में सो रहे थे। देर रात किसी अज्ञात हमलावर ने दोनों के ऊपर फावड़े से वार कर दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। परिवार के लोगों को इसकी जानकारी सुबह हुई। राम कुमार और विक्रमादित्य को चारपाई पर लहूलुहान अवस्था में देख परिजनों के होश उड़ गए। राम कुमार की मौत हो गई थी, जबकि विक्रमादित्य को गंभीर अवस्था में ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय पुलिस व अधिकारी मौके पर पहुंचे।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अशोक कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। उक्त घटना के संबंध में उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि में हुए विवाद को लेकर गहराई से छानबीन की जा रही है। घटना के अनावरण हेतु विभिन्न टीमें लगी हैं, जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा।

