Greater Noida: ग्रेटर नोएडा का थाना बीटा-2 क्षेत्र इन दिनों चोरों की पसंदीदा जगह बन गया है। हाल ही में चोरों ने सेक्टर सिग्मा 2 स्थित एक मकान की दो अलग-अलग मंजिलों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर से नकदी और जेवरात के साथ-साथ बाहर खड़ी बुलेट बाइक और स्कूटी भी चुरा ली। इससे पहले, इसी थाना क्षेत्र के सेक्टर-पी 3 में चोरों ने एक मकान की दो मंजिलों पर चोरी की थी और एक अन्य मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब तक इन वारदातों का खुलासा नहीं कर पाई है।
जेवरात, नकदी और वाहन चोरी
सेक्टर सिग्मा 2 में भूपेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात चोरों ने उनके घर की पहली और दूसरी मंजिल पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने पूरे घर को खंगालकर अलमारी में रखे जेवरात और नकदी चोरी कर ली। इसके अलावा, तीन वाहनों की चाबियां भी चोरी कर लीं। घर के बाहर खड़ी बुलेट बाइक और स्कूटी भी चोर ले गए। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस को कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें..
एक ही गैंग का हाथ होने की आशंका
बीटा-2 क्षेत्र में चार दिनों में दूसरी बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। इससे पहले, सेक्टर पी-3 में एक ही मकान की दो मंजिलों पर चोरी की गई थी। इसी तरह की वारदात को अब सेक्टर सिग्मा 2 में अंजाम दिया गया है। इस बात की आशंका है कि एक ही गैंग इन वारदातों को अंजाम दे रहा है, लेकिन चोर पुलिस की पहुंच से दूर हैं।

