Greater Noida News: राया हेरिटेज सिटी को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए नई सड़क का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) करेगा। इस सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य यमुना प्राधिकरण (यीडा) करेगा। यह निर्णय हाल ही में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की बैठक में लिया गया, जिसमें ब्रज तीर्थ विकास परिषद और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी शामिल हुए।
मई 2025 तक हेरिटेज सिटी के विकास की योजना
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, बैठक में चार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। हेरिटेज सिटी को विकसित करने के लिए कंपनी के चयन की प्रक्रिया मई 2025 तक पूरी करने की योजना बनाई जा रही है। कंसेशन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर होने के 90 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
तीन हजार एकड़ में विकसित होगी हेरिटेज सिटी
हेरिटेज सिटी प्रोजेक्ट को 3,000 एकड़ भूमि में विकसित किया जाएगा, जिसमें 12 गांवों को शामिल किया गया है। पहले चरण में 735 एकड़ में विकास कार्य शुरू होगा। इस परियोजना को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 16.25 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी, जिसका भूमि अधिग्रहण यमुना प्राधिकरण करेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 हेक्टेयर में बनेगी पार्किंग
बांके बिहारी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 हेक्टेयर क्षेत्र में एक बड़ी ओपन पार्किंग विकसित की जाएगी। इस पार्किंग को तैयार करने के बाद इसे ब्रज विकास प्राधिकरण को सौंपा जाएगा। पार्किंग में अब फूड कोर्ट या अन्य खान-पान सुविधाओं का निर्माण नहीं किया जाएगा।
वृंदावन के लिए नए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण
यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से 101 किलोमीटर की दूरी पर वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर को जोड़ने के लिए 6.9 किलोमीटर लंबा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। पहले चरण में यह एक्सप्रेसवे छह लेन का होगा। इसके जीरो पॉइंट पर श्रीकृष्ण और राधा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसे श्रद्धालु दूर से ही देख सकेंगे। प्रतिमा की ऊंचाई और अन्य विवरणों को लेकर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
एनएच-44 से आसान होगी कनेक्टिविटी
हेरिटेज सिटी के मास्टर प्लान के अनुसार, इसे राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से जोड़ा जाएगा, जो मथुरा और आगरा से होकर गुजरता है। इस परियोजना को यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना भी बनाई गई है, जिससे दोनों एक्सप्रेसवे के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रियों के लिए एनएच-44 के माध्यम से श्रीनगर से कन्याकुमारी और यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए आगरा से ग्रेटर नोएडा तक की यात्रा सुगम होगी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने कहा, “राया हेरिटेज सिटी को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए विभिन्न सड़क संपर्क विकल्पों पर काम किया जा रहा है।”