Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी सेक्टर-21 में प्रस्तावित फिल्म सिटी के निर्माण को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यमुना विकास प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट के लिए 5 प्रकार के लैंड यूज को मंजूरी दे दी है। इसमें कमर्शियल, बैंक लोड, ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, ग्रीनरी और विलेज डेवलपमेंट शामिल हैं। इस मंजूरी के साथ ही फिल्म सिटी के पहले चरण की शुरुआत का रास्ता साफ हो गया है।
बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप कर रहे हैं परियोजना का नेतृत्व
फिल्म सिटी के निर्माण का नेतृत्व मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। प्राधिकरण की मंजूरी के बाद, बोनी कपूर की कंपनी बुधवार को इस प्रोजेक्ट का विस्तृत लेआउट प्रस्तुत करेगी, जिसमें बताया जाएगा कि कौन सी इमारत कहां बनेगी, साथ ही शूटिंग एरिया, कमर्शियल गतिविधियों और ग्रुप हाउसिंग के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
पहले चरण में 230 एकड़ पर काम होगा शुरू
यह फिल्म सिटी 1000 एकड़ भूमि में विकसित की जाएगी, जिसमें पहले चरण में 230 एकड़ क्षेत्र पर काम शुरू होगा। फिल्म सिटी के निर्माण के लिए साउंड और लाइट के स्पेशल इफेक्ट स्टूडियो, कमर्शियल स्पेस, विला, ऑफिस और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं शुभारंभ
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाकुंभ समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस मेगा प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। इस फिल्म सिटी के निर्माण से न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ग्रेटर नोएडा, यमुना सिटी और पूरे उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास में भी तेजी आएगी।
पहले चरण में 1500 करोड़ का निवेश
फिल्म सिटी के पहले चरण के विकास में करीब 1500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के फिल्म सेट निर्माण से जुड़ी इंडस्ट्रीज भी स्थापित की जाएंगी, जिससे स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और सिनेमा उद्योग को एक नई दिशा मिलेगी।