Greater Noida News: जिले में लुटेरी दुल्हनों के गिरोह की गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं। जेवर कोतवाली क्षेत्र में ऐसी दुल्हनों के गिरोह ने एक रिटायर्ड फौजी को अपना निशाना बनाया। गिरोह ने शादी के नाम पर पीड़ित से जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान ठग लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। धोखेबाज दुल्हन और उसके साथियों की तलाश जारी है।
ऐसे हुआ ठगी का मामला
पीड़ित राजकुमार सिंह रिटायर्ड फौजी हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात सुभाष नाम के व्यक्ति से हुई, जो चचली गांव का रहने वाला है। सुभाष ने राजकुमार की शादी मथुरा की रहने वाली प्रिया नाम की महिला से तय कर दी। 12 जुलाई 2024 को प्रिया अपनी मां सती, बहन हेमा और चाचा कान्हा के साथ राजकुमार के घर आई। उन्होंने बताया कि प्रिया बेसहारा है और राजकुमार से शादी करना चाहती है। दोनों पक्षों के बीच शादी तय हो गई।
शादी से पहले पैसों की मांग
रिश्ता तय होने के बाद प्रिया और उसके परिवार ने शादी की तैयारियों के लिए 30 हजार रुपए नकद मांगे, जो पीड़ित ने दे दिए। कुछ दिन बाद प्रिया ने फिर राजकुमार से संपर्क किया और आगे की तैयारियों के लिए 80 हजार रुपए मांगे, जो पीड़ित ने बिना किसी शक के दे दिए।
10 लाख रुपए की डिमांड
16 जुलाई 2024 को राजकुमार और प्रिया की शादी धूमधाम से हुई। प्रिया राजकुमार के साथ रहने लगी, लेकिन जब राजकुमार काम पर बाहर गया तो प्रिया ने अपनी मां, चाचा और बहन के साथ मिलकर घर से लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली और फरार हो गई। बाद में प्रिया ने राजकुमार को फोन करके कहा कि अगर वह उसे 10 लाख रुपए दे तो वह ससुराल वापस आ जाएगी।
अबतक कर चुकी है 3-4 बार शादी
पुलिस जांच में पता चला है कि यह प्रिया और उसके परिवार से जुड़ा एक संगठित ठगी गिरोह है। यह गिरोह पहले भी इसी तरह फर्जी शादियों के जरिए कई लोगों को ठग चुका है। प्रिया इससे पहले तीन से चार बार शादी कर चुकी है और हर बार वह अपने शिकार के घर से कीमती सामान और नकदी लेकर भाग गई।

