Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के एक 20 वर्षीय युवक के बैंक खाते में अचानक इतनी बड़ी रकम आ गई कि वो उसे पढ़ भी नहीं सका। बैंक खाते में दिखाई गई राशि थी –
10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299 रुपये
यह रकम इतनी बड़ी थी कि देखने वालों के होश उड़ गए। युवक ने तुरंत बैंक में संपर्क किया, जिसके बाद बैंक ने खाता फ्रीज कर दिया और मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई।
कौन है ये युवक?
यह मामला उत्तर प्रदेश के उंची दनकौर गांव का है। यहां रहने वाला 20 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू इस अचानक मिली “दौलत” से हैरान रह गया। दीपू एक साधारण युवक है, जो फिलहाल बेरोजगार है। उसके पिता का कई साल पहले निधन हो चुका है और दो महीने पहले मां भी चल बसीं। कुछ समय पहले ही दीपू ने कोटक महिंद्रा बैंक में खाता खुलवाया था और वह UPI के माध्यम से लेन-देन करता था।
अरबों नहीं, 37 डिजिट की धनराशि!
शनिवार को दीपू को बैंक से एक मैसेज मिला जिसमें उसके खाते में 37 अंकों की धनराशि दिखाई गई। यह रकम इतनी ज्यादा थी कि कई देशों की जीडीपी भी इतनी नहीं है। इस रकम को पढ़ना, समझना और विश्वास करना भी मुश्किल था। रकम को जब ध्यान से देखा गया तो यह थी: 10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299 रुपये
तुरंत पहुंचे बैंक, खाता हुआ फ्रीज
अचानक मिली इस “बेतुकी” रकम को देखकर दीपू सीधे बैंक पहुंचा और अधिकारियों को जानकारी दी। बैंक अधिकारियों ने मामला गंभीर मानते हुए तुरंत उसका खाता फ्रीज कर दिया और आयकर विभाग को इसकी सूचना दी गई।
इस घटना के बाद बैंक में भी हड़कंप मच गया और तकनीकी टीम ने सर्वर की गड़बड़ी की जांच शुरू कर दी।
पुलिस और IT विभाग ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह तकनीकी खामी का मामला हो सकता है। किसी व्यक्ति के खाते में इतनी बड़ी रकम आना संभव नहीं है। पुलिस और आयकर विभाग दोनों मिलकर अब जांच कर रहे हैं कि इतनी भारी राशि आखिर कैसे दिखाई गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
जैसे ही यह खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो गया। लोग युवक को “दुनिया का सबसे अमीर आदमी” बताने लगे, तो कुछ इसे सिस्टम फेलियर बता रहे हैं।
हालांकि, इस घटना ने बैंकिंग सिस्टम की विश्वसनीयता पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: बादलों की चादर में लिपटी दिल्ली, गलियों में भरा पानी, जलभराव से बिगड़ी हालत
ये भी देखें : ओवैसी का तंज…प्रियंका ने क्यों किया आग्रह?, India vs Pak संघर्ष पर संसद में हुआ हंगामा!