Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दनकौर मे एक महिला की अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि, इस मामले में प्रवीन के दो साथी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने 19 अप्रैल 2024 को प्रवीन, मनोज और बंटी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि प्रवीन उसके परिवार से रंजिश मानता था और उसे बार-बार फोन कर अश्लील बातें करता था। इतना ही नहीं, वह उसे एकांत में मिलने के लिए मजबूर करता था। जब महिला ने इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसकी फोटो और वीडियो को एडिट कर अश्लील बना दिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ये भी पढें..
इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी मनोज और बंटी की तलाश की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

