Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने पावन सावन मास की कृष्ण पक्ष चतुर्दशी तिथि, सावन शिवरात्रि के अवसर पर गोरखपुर स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर में रुद्राभिषेक कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और आरोग्य की प्रार्थना की।
पुष्प वर्षा से सराबोर हुए शिव भक्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोरखपुर और संतकबीरनगर जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। सावन के पवित्र महीने में प्रदेशभर में कांवड़ियों और शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की यह परंपरा लगातार निभाई जा रही है। बुधवार को जिन प्रमुख मंदिरों पर पुष्प वर्षा हुई, उनमें गोरखनाथ मंदिर, प्राचीन मानसरोवर मंदिर, मुक्तेश्वर नाथ मंदिर, झारखंडी महादेव मंदिर, भौवापार स्थित मुंजेश्वर नाथ मंदिर, पिपराइच स्थित मोटेश्वर शिव मंदिर और संतकबीरनगर का तामेश्वर नाथ मंदिर शामिल हैं।
इस अलौकिक दृश्य को देखकर मंदिर में उपस्थित श्रद्धालु आनंदित हो उठे। लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे से पुष्प वर्षा के दृश्य कैद किए। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
विधिवत रुद्राभिषेक और हवन-अनुष्ठान
प्राचीन मानसरोवर मंदिर में सीएम योगी ने भगवान शिव को बिल्वपत्र, कमल पुष्प, दुर्वा और विविध पूजन सामग्री अर्पित की। इसके बाद जल, गाय का दूध और गन्ने के रस से रुद्राभिषेक किया। गोरखनाथ मंदिर के विद्वत पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के उच्चारण के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री योगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और आरती कर अनुष्ठान को पूर्ण किया और देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख, समृद्धि और शांति की मंगलकामना की।
इस मौके पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह और एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गोरखपुर को मिलेंगी विकास की सौगातें
सावन शिवरात्रि के पावन दिन पर सीएम योगी गोरखपुरवासियों को 252.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 174 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 3 योजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। शाम को नगर निगम परिसर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पार्षदों, निगम कर्मचारियों और सफाई मित्रों का हौसला भी बढ़ाएंगे।
ये भी पढ़ें : Weather Forecast: दिल्ली में नहीं दिखेंगे बारिश के तेवर, दो दिनों तक नहीं मिलेगी गर्मी और उमस से रहात
ये भी देखें : Prashant Kishor On PM Modi: PM मोदी के बिहार दौरे पर जन सूरज के प्रशांत किशोर ने सुनाई खरी-खरी