उत्तर प्रदेश के घोसी विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के मतदान दिवस पर 11 बजे तक 21 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह से ही मुस्लिम मतदाताओ में उत्साह का माहौल है और बूथ पर लम्बी लाइनें लगी हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान अपने समर्थकों के साथ बूथों की निगरानी कर रहे हैं।
महिला मतदाताओं के लिए अलग से पंक्ति
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि सुबह के वक्त मतदान की धीमी शुरुआत के बाद अब मतदान कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। मतदाताओं में जोश है। मतदान प्रतिशत की जानकारी निर्वाचन की वेबसाइट पर दी जा रही है। सुबह 11 बजे तक 21 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। बूथों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कराये गये है, इस बार आधार कार्ड की जांच के लिए मशीनें लगायी गयी हैं। बूथ पर महिला मतदाताओं के लिए अलग से पंक्ति बनायी गयी है। विकलांग मतदाता की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने बेटे को बताया निर्दोष
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने अपना मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके बेटे ब्लाक प्रमुख है और वे निर्दोष हैं। उन्हें पुलिस प्रशासन फंसा रही है। उसका कारण सभी जानते है।
दारा सिंह चौहान हाथ जोड़कर निकले
मतदान दिवस के दिन भाजपा के प्रत्यासी दारा सिंह चौहान अपने आवास से सुबह हाथ जोड़कर निकले। बूथ बूथ पहुंचकर अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ा रहे दारा सिंह चौहान को हाथ जोडा देखकर कार्यकर्ता उत्साह से भर जा रहे हैं।
बूथ कैपचरिंग के प्रयास का आरोप, प्रत्यारोप
सपा कार्यकर्ताओं ने अपने मतदाताओं को मतदान करने से रोकने का आरोप स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर लगाया है। वहीं बूथ से पेटी उठाने का भी आरोप लगाया गया, तो वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के कार्यकर्ताओं पर बूथ कैपचरिंग करने का प्रयास करने का आरोप लगा दिया।

