Ghaziabad: मोदीनगर के भोजपुर के निकट हापुड़ रोड पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब कांवड़िये बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टाटा हैरियर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में मिली मौत की पुष्टि
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी देवेंद्र, हरेंद्र और अजय के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, देवेंद्र और हरेंद्र एक बाइक पर सवार थे, जबकि अजय दूसरी बाइक चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढें..
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टाटा हैरियर कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा बढ़ाने के लिए सख्ती से ट्रैफिक नियमों का पालन कराने की बात कही है।

