Ghaziabad: गाजियाबाद में अवैध धर्मांतरण के मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले सेवा नगर, फिर मोदीनगर, और अब डूंडाहेड़ा में अवैध धर्मांतरण का एक और मामला सामने आया है, जिससे सवाल उठने लगा है कि क्या गाजियाबाद अवैध धर्मांतरण की गतिविधियों का नया केंद्र बनता जा रहा है। तीनों ही मामलों में गरीब और जरूरतमंद हिंदुओं को बीमारी के इलाज के नाम पर प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया है।
रविवार को डूंडाहेड़ा इलाके में अवैध धर्मांतरण की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस को मिली इस शिकायत में बताया गया कि पादरी राजू द्वारा बीमारी के इलाज और अन्य प्रलोभनों के जरिए धर्मांतरण कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और पादरी राजू के एक सहयोगी पंकज पुत्र हरवीर, निवासी शांतिनगर को गिरफ्तार कर लिया।
मुख्य अभियुक्त फरार
एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि इस अवैध धर्मांतरण का मुख्य आरोपी पादरी राजू और उसके अन्य सहयोगी फरार हैं। पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। यह गाजियाबाद में एक सप्ताह में अवैध धर्मांतरण का तीसरा मामला है, जिससे प्रशासन और स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
इससे पहले सेवा नगर में पादरी गेराल्ड मैथ्यूज मसीह समेत पांच लोगों को अवैध धर्मांतरण के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जबकि मोदीनगर में एक महिला की शिकायत पर उसके जेठ के बेटे समेत चार लोगों को धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida: नोएडा पुलिस ने किया दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 चोरी की बाइक और चाकू बरामद
धर्मांतरण की बढ़ती घटनाओं पर प्रशासन सख्त
अवैध धर्मांतरण की लगातार बढ़ती घटनाओं के मद्देनज़र स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

