Ghaziabad News: गाजियाबाद नगर निगम उपचुनाव में दो सीटों के लिए मंगलवार को हुए मतदान के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। वार्ड-19 (पटेल नगर) में भाजपा प्रत्याशी रंजीता कल्याणी विजयी हुईं, जबकि वार्ड-21 (भोवापुर-कौशांबी) में निर्दलीय प्रत्याशी रीमा गौतम ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर विजयी घोषित हुईं।
प्रत्येक प्रत्याशी को मिले वोटों की संख्या
वार्ड-21 में निर्दलीय प्रत्याशी रीमा गौतम को सबसे अधिक 2,157 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे भाजपा प्रत्याशी बिन्नू राम को कुल 1,172 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश को महज 172 वोटों से संतोष करना पड़ा।
वार्ड-19 के मतदान में भाजपा की रंजीता ने 1,806 वोट पाकर जीत हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी रेखा 1,357 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहीं। आजाद समाज पार्टी की प्रत्याशी प्रियंका हांडा को 555 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमारी को 310 वोट मिले। इसके अलावा वार्ड-19 में नोटा (इनमें से कोई नहीं) को 21 और वार्ड-21 में 23 वोट मिले।
मंगलवार को हुआ मतदान
मंगलवार को इन दोनों सीटों के लिए 28.79% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गौरतलब है कि दोनों सीटें अपने-अपने पार्षदों के निधन के कारण रिक्त हुई थीं। वार्ड-19 की भाजपा पार्षद उर्मिला वाल्मीकि और वार्ड-21 के पार्षद आनंद कुमार गौतम का बीमारी के कारण निधन हो गया।
सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना
वार्ड-19 में 30.57% मतदान हुआ, जबकि वार्ड-21 में 27.01% मतदान हुआ। इन दोनों सीटों के लिए कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे। मतदान के बाद ईवीएम को कलेक्ट्रेट परिसर के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रख दिया गया।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट में हुई मतगणना
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम रणविजय सिंह के अनुसार सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई और इसके लिए दो टेबल लगाई गईं।
भाजपा प्रत्याशी का वीडियो वायरल
वार्ड-19 में कांग्रेस की रेखा, भाजपा की रंजीता, आजाद समाज पार्टी की प्रिया हांडा और निर्दलीय राजकुमार चुनाव लड़ रहे थे। वार्ड-21 में कांग्रेस के ओमप्रकाश, भाजपा के बिन्नू राम और निर्दलीय रीमा गौतम मैदान में थे। मतदान से पहले वार्ड-21 में भाजपा प्रत्याशी बिन्नू राम का 500 के नोट बांटते हुए वीडियो वायरल हुआ था।

