Ghaziabad News: जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों पर लगाम लगाने के लिए शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। बिना पंजीकरण संचालित हो रही कोचिंग संस्थाओं की जांच के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी। अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटरों को बंद कराया जाएगा।
500 से अधिक में से सिर्फ 40 कोचिंग पंजीकृत
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजियाबाद में करीब 500 से ज्यादा कोचिंग संस्थान चल रहे हैं। इनमें से केवल 40 कोचिंग संस्थान ही पंजीकृत हैं, जबकि 10 के पास ही फायर एनओसी है। नियमों के अनुसार, सभी कोचिंग संस्थानों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मान्यता प्राप्त होना आवश्यक है। साथ ही सुरक्षा उपायों जैसे आग बुझाने की व्यवस्था और अन्य नियमों का पालन भी अनिवार्य है।
अवैध कोचिंग संस्थानों पर लगे गंभीर आरोप
अभिभावकों ने हाल ही में आरडीसी स्थित एक कोचिंग संस्थान पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। संस्थान पर आरोप था कि उसने दो साल की फीस के रूप में पांच लाख रुपये एडवांस ले लिए, लेकिन शिक्षकों को वेतन नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप, शिक्षकों ने पढ़ाने से इनकार कर दिया। यह संस्थान पंजीकृत नहीं था। इस मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक ने एफआईआर दर्ज कराई है।
पिछले हादसे से भी सबक नहीं लिया गया
पिछले साल जुलाई में दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान में पानी भरने के कारण छात्रों की मौत हो गई थी। उस समय भी गाजियाबाद में केवल 40 कोचिंग संस्थान ही पंजीकृत थे। बावजूद इसके, पंजीकृत संस्थानों की संख्या आज भी 40 पर ही स्थिर है।
यह भी पढ़ें: Ghaziabad: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने पकड़ी 250 करोड़ रुपये टैक्स चोरी, राज्य कर विभाग का बड़ा कदम
जिला विद्यालय निरीक्षक का बयान
जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा, “जिले के सभी कोचिंग संस्थानों की जांच की जाएगी। बिना पंजीकरण और नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को बंद कराया जाएगा। सभी कोचिंग संस्थानों का पंजीकरण अनिवार्य है।”
मुख्य गाइडलाइन
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पंजीकरण हो।
फायर एनओसी अनिवार्य।
आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम।
बेसमेंट में कक्षाएं न चलाई जाएं।
छात्रों के बैठने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम।
आपातकालीन द्वार और पार्किंग की सुविधा हो।
पंजीकरण सूची से नामी संस्थान गायब
आरडीसी, राजनगर एक्सटेंशन, कविनगर, वैशाली, शालीमार गार्डन जैसे इलाकों में कई नामी कोचिंग संस्थान चल रहे हैं। इनमें से कई के पास जिला स्तर पर मान्यता नहीं है। कुछ ने पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए आवेदन किया है, लेकिन प्रक्रिया अभी लंबित है।
जीपीए ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन (जीपीए) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कोचिंग संस्थानों की मनमानियों पर रोक लगाने की मांग की है। जीपीए अध्यक्ष सीमा त्यागी और सचिव अनिल सिंह ने कहा कि जिले में बिना पंजीकरण के कोचिंग संस्थान एडवांस फीस लेकर छात्रों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं।

