Ghaziabad News: गाजियाबाद कोर्ट में पेशी के दौरान कस्टडी से फरार हुआ हत्यारोपी नौशाद करीब सवा साल बाद पुलिस के शिकंजे में आ गया। क्राइम ब्रांच ने गुरुवार रात उसे कविनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कस्टडी से भागने के बाद नौशाद मुंबई चला गया था और बाद में दिल्ली में आकर कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम करने लगा। नौशाद की गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
महिला की हत्या कर शव के टुकड़े कर फ्रीज में छिपाया था
एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद के अनुसार, 13 अगस्त 2016 को खोड़ा थाना क्षेत्र में नरगिस नामक महिला की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मृतका के जीजा नौशाद, निवासी लोकप्रिय विहार, खोड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। नौशाद पर आरोप था कि उसने नरगिस की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े कर फ्रीज में छिपा दिए थे।
पहली बार 2019 में कोर्ट से फरार हुआ था नौशाद
7 अगस्त 2019 को पुलिस नौशाद को डासना जेल से गाजियाबाद कोर्ट में पेशी के लिए लेकर आई थी। कोर्ट परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर नौशाद फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी पर तत्कालीन एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद 14 जनवरी 2020 को यूपी एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर दोबारा जेल भेज दिया।
दूसरी बार 2023 में फिर हुआ फरार
18 अक्टूबर 2023 को नौशाद को नरगिस हत्याकांड के मामले में कोर्ट में पेश किया जाना था। इस दौरान उसने अभिरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मी शाहनवाज को झांसा देकर फिर से फरार होने में कामयाबी हासिल कर ली। जांच में सामने आया कि नौशाद ने पुलिसकर्मी से कुछ सामान खरीदने की बात कही और जैसे ही उसे कचहरी परिसर से बाहर ले जाया गया, वह भाग निकला। इस बार उसकी गिरफ्तारी का जिम्मा क्राइम ब्रांच को सौंपा गया और इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Lucknow: तेजस एक्सप्रेस में खराब खाने को लेकर यात्रियों ने किया हंगामा, कैटरिंग चार्ज रिफंड की मांग
मुंबई में फल बेचे, दिल्ली में कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम किया
एडीसीपी क्राइम के अनुसार, नौशाद 12वीं पास है और उसने कंप्यूटर रिपेयरिंग का कोर्स किया हुआ है। पूछताछ में उसने बताया कि फरारी के बाद वह पहले दिल्ली पहुंचा और फिर ट्रेन से मुंबई चला गया। वहां बांद्रा की झुग्गी बस्ती में रहकर फलों की ठेली लगाकर गुजारा करने लगा। करीब सात महीने तक मुंबई में रहने के बाद वह दिल्ली वापस आया और बदरपुर की गौतमपुरी कॉलोनी में छिपकर रहने लगा। यहां उसने नेहरू प्लेस में कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम शुरू कर दिया था।
गुरुवार रात क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने कविनगर थाना क्षेत्र से नौशाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे फिर से जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

