Ghaziabad News: नगर निगम के विजयनगर जोन में बुधवार को 4 करोड़ 55 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इसके तहत कई मार्गों में सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसमें वार्ड-14 व वार्ड-58 में जोनल ऑफिस के सामने वाली सड़क व बी-59 व बी-72 सिंह हॉउस से बी-34 व ए-103 चरण सिंह व ई-160 से ई 163 राजू वाली गली व ई 177 तक सड़कों की मरम्मत का काम किया जाएगा। वार्ड-15 एच ब्लॉक की क्षतिग्रस्त आंतरिक सड़क को भी बनाया जाएगा। वार्ड-58 में ए ब्लॉक, सेक्टर-9 मवई से विजय नगर होली हार्ट पब्लिक स्कूल व सरदार मेमोरियल स्कूल से हीरो एजेंसी तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की जाएगी। एनएच-9 से तिगड़ी गोल चक्कर तक सड़क निर्माण किया जाएगा।
पार्षद लगातार कर रहे थे आग्रह
मेयर सुनीता दयाल ने बुधवार को सभी कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन सभी सड़कों के निर्माण के लिए पार्षद लगातार उनसे आग्रह कर रहे थे। तिगड़ी गोल चक्कर शहर का प्रवेश द्वार है। इस सड़क की स्थिति बहुत खराब थी। इस सड़क को बनाने के निर्देश भी दिए गए। मेयर ने कहा विजयनगर जोन कि सभी सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कोई लापरवाही न हो पाए। पार्षद और स्थानीय लोग भी इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता का ध्यान रखेंगे। समय समय पर निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
ये लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद ओमप्रकाश ओड़, पार्षद मंजू, पार्षद संतोष, पार्षद कन्हैया उपस्थित थे। नगर निगम की ओर से जोनल प्रभारी विवेक त्रिपाठी, सहायक अभियंता देवी सिंह, अवर अभियंता एस के सरोज व अन्य लोग शामिल रहे।

