Ghaziabad News: पति से विवाद के चलते अलग रह रही महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे के अपहरण का नाटक रचा। शुक्रवार को महिला ने पुलिस को फोन कर बताया कि उसके सात साल के बच्चे का अपहरण हो गया है। उसने दो युवकों पर शक भी जताया। हालांकि जांच के बाद पुलिस ने इस नाटक के पीछे की सच्चाई उजागर कर दी है।
पति से अलग रह रही थी महिला
रविवार को पुलिस ने दीपिका पांडेय नाम की महिला और उसके प्रेमी नीरज को झूठी सूचना देने और पुलिस को परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया। नीरज हापुड़ का रहने वाला है। दीपिका की शादी जौनपुर जिले में हुई थी, लेकिन पति से विवाद के चलते वह कई सालों से विजयनगर इलाके में अलग रह रही है। पुलिस ने खुलासा किया कि दीपिका ने पहले एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद उसने उसी युवक पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। जांच के बाद पुलिस ने कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। इस बार दीपिका ने दूसरों को फंसाने के लिए अपने ही बेटे के अपहरण का नाटक रच दिया।
बच्चे को आया ने स्कूल से वापस लाया
डीसीपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दीपिका प्रताप विहार में रहती है। उसका बच्चा पास के ही स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता है। शुक्रवार को स्कूल की आया बच्चे को घर लेकर आई, जहां दीपिका की सहेली ने उसके कहने पर उसे अपने घर ले गई। दीपिका ने अपनी सहेली से कहा था कि उसकी तबीयत खराब है और वह बच्चे को अपने पास रखे। इसी बीच उसने स्कूल से लौटते समय अपने बच्चे के अपहरण की झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। बाद में जब उसकी सहेली ने उसे बच्चे को लेने के लिए कहा तो उसने उसे हापुड़ में अपने दोस्त नीरज के पास भेज दिया। बच्चे के हापुड़ में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस वहां पहुंच गई। इसी बीच नीरज ने बच्चे को दीपिका की बहन लक्ष्मी तिवारी को सौंप दिया। पुलिस ने वहां से बच्चे को बरामद कर लिया।
बदला लेने के लिए आशु और लोकेश को फंसाना चाहती थी दीपिका
झूठे अपहरण मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पति से विवाद के बाद दीपिका पांडे आशु नाम के युवक के संपर्क में आई। दोनों में दोस्ती हुई, लेकिन बाद में दोनों में अनबन हो गई। दीपिका ने आशु के खिलाफ झूठा बलात्कार का मामला दर्ज करवाया था। उस दौरान आशु के दोस्त लोकेश ने उसकी मदद की थी। बदला लेने के लिए दीपिका ने अपने बेटे के अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई और आशु और लोकेश पर शक जताया।

