गाजियाबाद सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डॉ. विजय कुमार सिंह ने आज यानी रविवार को गाजियाबाद की पुलिस लाइन से 20 पिंक पुलिस बूथ एवं 20 पिंक पुलिस मोबाइल के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत पहल
बता दें कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश शासन द्वारा लखनऊ समेत प्रदेश के 18 महानगरों में चलाए जा रहे सेफ सिटी प्रोजेक्ट के अन्तर्गत गाजियाबाद महानगर में 20 पिंक पुलिस बूथ एवं 20 पिंक पुलिस मोबाइल चलायी गई है। इन पिंक पुलिस बूथों एवं पिंक पुलिस मोबाइलों पर महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी जो कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में घटित होने वाली महिला अपराध संबंधी घटनाओं की रोकथाम एवं जांच हेतु उत्तरदायी होंगी।
हरी झंडी दिखाकर किया संचालित
गौरतलब है कि प्रत्येक पिंक पुलिस बूथ पर एक महिला पुलिस उपनिरीक्षक एवं चार-चार महिला मुख्य आरक्षी/आरक्षी को तैनात किया जा रहा है जो प्रतिदिन प्रातः7 बजे से रात्रि 10 बजे तक दो शिफ्टों में ड्यूटी देंगी। प्रत्येक पिंक पुलिस बूथ में कम से कम 10X12 फीट के दो कक्ष एवं एक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। गाजियाबाद सांसद वीके सिंह ने 2 उक्त पिंक पुलिस बूथ एवं चार पहिया पिंक मोबाइलों का शुभारंभ किया। जहां उन्होंने गाजियाबाद के सभी 20 पिंक पुलिस बूथों एवं समस्त 20 पिंक पुलिस मोबाइलों को हरी झंडी दिखाकर संचालित किया।
ये गणमान्य रहें मौजूद
इस कार्यक्रम में राज्यसभा के माननीय सांसद अनिल अग्रवाल, शहर विधायक अतुल गर्ग, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीतपाल त्यागी, मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच, धौलाना विधायक धर्मेश तोमर, पुलिस कमिश्नर अजय मिश्र, एडीशनल CP दिनेश कुमार, DCP सिटी निपुण अग्रवाल, DCP(RA) विवेकचंद्र यादव, नगर आयुक्त नगर निगम नितिन गौड़ समेत सभी पुलिस अधिकारी व स्टाफ उपस्थित रहें।

