Ghaziabad: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन और शाहपुर गांव के दो लोगों से भट्ठा संचालक द्वारा ईंट देने के नाम पर 7.50 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे की गई ठगी
राजनगर एक्सटेंशन निवासी सुदर्शन त्यागी ने सौंदा गांव स्थित ओम ईंट भट्ठे से ईंट खरीदने का सौदा किया था। तय कीमत के अनुसार, पांच हजार रुपये प्रति हजार के हिसाब से उन्होंने 50 हजार ईंटों के लिए 26 जनवरी को ऑनलाइन 2.50 लाख रुपये भट्ठा संचालक के खाते में ट्रांसफर किए। आरोप है कि भुगतान करने के बावजूद भट्ठा संचालक ने ईंट देने में आनाकानी शुरू कर दी।
उधर, शाहपुर मोरटा निवासी रविन त्यागी से भी उक्त भट्ठा संचालक ने ईंट देने के नाम पर पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। जब ईंटें नहीं मिलीं और बार-बार मांगने पर टालमटोल किया गया, तो पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा में 11 बांग्लादेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के बाद घुसपैठियों के मददगारों की तलाश तेज
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ितों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भट्ठा संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गाजियाबाद में लगातार हो रहे इस तरह के आर्थिक अपराधों को देखते हुए पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी लेन-देन से पहले पूरी जानकारी लेने की अपील की है।

