Ghaziabad: गाजियाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 2,886 आवेदकों को लाभ प्रदान किया जाएगा। इसको लेकर शुक्रवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने तहसील और नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आवेदनों के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष टीम गठित की है।
बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी 2,886 आवेदनों का भौतिक सत्यापन शीघ्र कराया जाए। परियोजना अधिकारी संजय पथरिया ने टीम को बताया कि सत्यापन के दौरान आवेदकों की पहचान पत्र और पात्रता की जांच की जाएगी। नगर आयुक्त ने सफाई कर्मचारी, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी, स्ट्रीट वेंडर, कामगार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, झुग्गी में रहने वाले श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों और विधवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। सत्यापन प्रक्रिया को पूरा करने के लिए टीम को आठ दिन का समय दिया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों और विधवाओं को आर्थिक सहायता
योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 30,000 रुपये तथा विधवाओं और निराश्रितों को 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, यदि कोई लाभार्थी छह महीने में अपना मकान पूरा बनवा लेता है तो उसे 10,000 रुपये का अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। अपर नगर आयुक्त अरुण यादव योजना की निगरानी करेंगे। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, तहसीलदार विवेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य 100 करोड़ रुपये
नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में फरवरी तक 489 करोड़ रुपये संपत्ति कर वसूल किया है। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगले एक महीने में 100 करोड़ रुपये की वसूली सुनिश्चित करें। सभी पांच जोनों में संपत्ति कर वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया कि अवकाश के दिनों में शिविर लगाकर कर वसूली की जा रही है, जिससे अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। 31 मार्च तक नियमित शिविर लगाकर वसूली की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी।
ये भी पढें..
Noida News: न्यूज डिबेट में मारपीट का आरोप, IIT बाबा अभय सिंह का धरना, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
नगर आयुक्त ने किया निर्माणाधीन लाइब्रेरी का निरीक्षण
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कंपनी बाग में निर्माणाधीन लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान हो सके।
लाइब्रेरी में एक समय में 40-50 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कमरा बनाया जा रहा है। पूरी लाइब्रेरी एयर कंडीशंड होगी और इसे बार कोड सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, कंप्यूटर लैब और इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि तीन महीने के भीतर लाइब्रेरी का कार्य पूरा कर उद्घाटन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार भी मौजूद रहे।

