G20 Summit 2023: जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मेहमान दिल्ली पहुंचने लगे हैं। इसी सिलसिले में मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद कुमार जुगनाथ आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचे हैं। दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने प्रधानमंत्री जुगनाथ का स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद कुमार जुगनाथ के दिल्ली पहुंचने पर ट्वीट कर स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद कुमार जुगनाथ आज दिल्ली पहुंचे हैं। भारत में उनका स्वागत है। उन्होंने ट्वीट में आगे बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग व पर्यटन राज्य मंत्री श्रीपाद नाइक ने पीएम जुगनाथ का स्वागत किया है।
यह भी पढ़ें: आसियान में सभी की आवाज सुनी जाती है , पीएम मोदी ने कहीं ये बातें
8 से 10 सितंबर के बीच बैठक
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 8 से 10 सितंबर के बीच जी-20 देशों की बैठक होनी है। इस बैठक में दुनिया भर के 20 ताकतवर देशों के नेता शामिल हो रहें हैं। बता दें कि जी-20 को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है और भव्य तरीके से सजाया गया है।
बता दें कि जी-20 शिखर सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन, सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान, क्राउन प्रिंस, चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज़, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा, जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: आदित्य- एल 1 ने ली सेल्फी, चांद और पृथ्वी की तस्वीरें भी खीचीं
वैश्विक संस्थानों के प्रतिनिधि भी हिस्सा लेंगे
इसके दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल, अलावा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा हिस्सा लेंगे। मेहमान देशों के रूप में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसी, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रवींद कुमार जुगनाथ, स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज़, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रुटे, सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग, नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनुबू, ओमान के उप प्रधानमंत्री सैय्यद असद बिन तारिक अल सईद, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद हिस्सा लेंगें।
इन राष्ट्राध्यक्षों के अलावा कुछ वैश्विक संस्थानों के प्रतिनिधि भी दिल्ली में हो रहें जी-20 में हिस्सा लेने राजधानी पहुंच रहे हैं। बता दें कि इस आयोजन में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के एमडी क्रिस्टालिना जॉर्जिवा, विश्व बैंक के चेयरमैन अजय बंगा, विश्व व्यापार संगठन के डीजी नगोज़ी और अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के मुखिया गिल्बर्ट फॉसौं होउंगबो सहित अन्य वैश्विक संगठनों के प्रमुख अधिकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने राजधानी दिल्ली आ रहे हैं।

