राजधानी दिल्ली में आज मंगलवार को आईपीएल का पहला मैच शाम 7:30 बजे अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। बता दें कि यह मैच दिल्ली और गुजरात के बीच खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह होम ग्राउंड है। आज महावीर जयंती की छुट्टी है। ऐसे में होम ग्राउंड पर काफी संख्या में लोग अपनी टीम को चीयर करने पहुंचेंगे क्योंकि करीब तीन साल बाद दिल्ली में आईपीएल का मैच खेला जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शकों के लिए आसपास के इलाकों में पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
आईपीएल मैच को लेकर पुख्ता इंतजाम
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे के बीच और रात 10:00 से 12:00 के बीच स्टेडियम के आसपास कंजेक्शन मिल सकता है। खासकर दिल्ली गेट, राजघाट, आईपी फ्लाईओवर, मथुरा रोड, तिलक मार्ग, सिकंदर रोड, जवाहर लाल नेहरू मार्ग, नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग और रिंग रोड पर आईपी फ्लाईओवर से शांति वन के बीच ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
बता दें कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से दिल्ली में हो रहे आईपीएल मैच को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो लोगों को सुरक्षित तरीके से रोड क्रॉस करवाने में मदद करेंगे। इस दौरान अवैध पार्किंग पर भी सख्ती से रोक लगाई जाएगी। इसके साथ ही मैच के दौरान स्टेडियम और मेट्रो स्टेशन पर भीड़ देखने को मिल सकती है।
डीएमआरसी ने जारी की सूचना
डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल के अनुसार दिल्ली में 4, 11, 20,29 अप्रैल और 6 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मैचों के दौरान सभी लाइनों पर आखिरी मेट्रो स्टेशन की टाइमिंग को 20 मिनट से लेकर आधे घंटे तक बढ़ाया गया है।
इसके अलावा मंडी हाउस कश्मीरी गेट, कीर्ति नगर, राजीव चौक, लाजपत नगर जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर भी सामान्य समय से अधिक देर तक चलने वाली ट्रेनें उपलब्ध कराई जाएंगी और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त स्टाफ और टोकन बिल्डिंग मशीनों का भी इंतजाम किया गया है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े और स्टेशन पर भीड़भाड़ भी ना हो सके।

