Electric Buses Delhi : दिल्ली सरकार ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मोहल्लों तक पहुंचाने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। 2 मई से राजधानी की सड़कों पर ‘देवी’ यानी दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर योजना के तहत 400 नई इलेक्ट्रिक मिनी बसों की शुरुआत हो रही है।
केंद्रीय व राज्य मंत्रियों ने दिखाई हरी झंडी
इन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने का काम दिल्ली के कुशक सेवा नगर स्थित कुशक नाला डीटीसी बस डिपो से किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह मौजूद रहेंगे।
बसों की खासियत, छोटे रास्तों की बड़ी राहत
ये ‘देवी’ बसें 9 मीटर लंबी हैं और मुख्य रूप से 12 किलोमीटर तक के छोटे, संकरे रूटों पर चलेंगी। इनका संचालन फिलहाल गाजीपुर, नांगलोई और ईस्ट विनोद नगर डिपो से किया जाएगा। इन बसों का प्रमुख उद्देश्य दिल्ली की कॉलोनियों और तंग गलियों को मुख्य मार्गों से जोड़ना है, जहां अब तक बड़ी बसें नहीं पहुंच पाती थीं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी ‘देवी’ बसें
इन बसों में कुल 23 सीटें हैं, जिनमें से 6 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। साथ ही 13–15 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकते हैं और एक व्हीलचेयर के लिए भी जगह उपलब्ध है। महिलाओं को ‘पिंक टिकट’ की सुविधा दी जाएगी, जबकि सामान्य किराया ₹10 से ₹30 तक होगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर बस में CCTV कैमरे, पैनिक बटन, और ऑटोमैटिक गेट्स लगाए गए हैं। खास बात यह है कि ये बसें महज 30 मिनट में पूरी तरह चार्ज होकर एक बार में लगभग 150 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती हैं।
रूट सर्वे के बाद तय हुआ संचालन
दिल्ली सरकार ने इन बसों के संचालन से पहले रूटों का विस्तृत सर्वे कराया था। बड़ी बसों की पहुंच से दूर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए इन रूट्स को चुना गया है। अब मोहल्लों से मुख्य सड़कों तक पहुंचना आसान होगा, जिससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि प्राइवेट वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के हर मोहल्ले और कॉलोनी तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा पहुंचे। ‘देवी’ योजना इसी दिशा में एक ठोस प्रयास है, जिससे खासकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

