2024 लोकसभा चुनाव के पहले विपक्षी दलों को एक बार फिर साथ लाने की कोशिश की जा रही है। सभी को एक मंच पर लाकर भाजपा के खिलाफ अभियान चलाने का प्रयास किया जा रहा है। इस सिलसिले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल से दिल्ली में मुलाकात की और विपक्षी एकता की बात की।
बता दें कि तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केन्द्र की सरकार अरविंद केजरीवाल को परेशान कर रही है. अरविंद केजरावाल को सताया जा रहा है. जो परेशानी अरविंद केजरीवाल झेल रहे हैं हम उसके खिलाफ केजरीवाल को समर्थन देने आए हैं. अगर दिल्ली में बीजेपी की सरकार होती तो उप राज्यपाल में हिम्मत होती इस प्रकार का काम करने की? दिल्ली में बीजेपी कभी वापसी नहीं करेगी।
चुनाव से पहले होगी भाजपा की हार
इसके अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी केजरीवाल से मुलाकात करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमलोग पूरे दिल से दिल्ली के लोगों और अरविंद केजरीवाल के साथ हैं. केंद्र सरकार संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है. सुप्रीम कोर्ट का फैसला सही रहा, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा जो करने की कोशिश हो रही है वह सही नहीं है. सभी को एकजुट होना होगा. हम केजरीवाल के साथ हैं, ज्यादा से ज्यादा विपक्षी पार्टियों को एक साथ मिल कर अभियान चलाना होगा.’
बिहतर के दोनों नेताओं से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वे परसो तीन बजे बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा उन्होंने विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि राज्यसभा में वे इस अध्यादेश का समर्थन न करें जिससे यह अध्यादेश गिर जायेगा और लोकसभा चुनाव से पहले ही भाजपा की हार हो जाएगी। केजरीवाल ने आगे कहा कि राज्यसभा में इस बिल को गिराने के लिए मैं देश में सभी पार्टी अध्यक्ष से मिलने के लिए जाऊंगा. आज मैंने नीतीश से भी अनुरोध किया कि वो भी सभी पार्टियों से बात करें. मैं भी हर राज्य में जाकर, राज्यसभा में जब ये बिल आए, तब इसे गिराने के लिए सभी से समर्थन के लिए बात करूंगा।

