India Pakistan Attack: भारत और पाकिस्तान के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से की जा रही नापाक हरकतें अब खुलेआम सामने आने लगी हैं। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह पंजाब, राजस्थान समेत कई सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की कोशिश की गई, जिन्हें भारतीय सुरक्षाबलों ने सतर्कता और तत्परता से नाकाम कर दिया। इसके बावजूद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
अमृतसर में ड्रोन से हमला
शनिवार तड़के पंजाब के अमृतसर में ड्रोन के जरिए हमला किया गया, जिसे भारतीय वायुसेना ने समय रहते नाकाम कर दिया। इसके बाद पूरे शहर को रेड अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों के अंदर रहें और खिड़कियों से दूर रहें। किसी भी समय सायरन बजाए जा सकते हैं, जिससे जनता को सतर्क रहने की जरूरत है।
26 जगहों पर देखे गए पाकिस्तान के ड्रोन
रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (LoC) के पास कुल 26 स्थानों पर पाकिस्तान के ड्रोन देखे गए हैं। इनमें से कुछ ड्रोन हथियारों से लैस होने की आशंका भी जताई गई है। भारतीय सेना और वायुसेना पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी तरह की घुसपैठ या हमले को जवाब देने के लिए तैयार हैं। मंत्रालय ने लोगों से घबराने की जगह सतर्क रहने की अपील की है।
अमृतसर में गोलीबारी के साथ मिसाइल दागने की कोशिश भी नाकाम
पाकिस्तान ने शनिवार सुबह करीब 5 बजे अमृतसर पर ड्रोन हमला किया, जिसके तुरंत बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलीबारी की भी खबरें सामने आईं। सेना ने मिसाइल दागने की कोशिश को भी सफलतापूर्वक विफल कर दिया। अमृतसर प्रशासन ने इलाके को रेड अलर्ट पर रखते हुए लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने का निर्देश दिया है।
राजस्थान में मिसाइल जैसे अवशेष मिलने से हड़कंप
राजस्थान के बाड़मेर जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह खेतों में मिसाइल जैसी वस्तुएं और अवशेष पाए गए। पुलिस और सेना की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार, रात में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं, जिसके बाद खेतों में मलबा पाया गया। पीरानियों की ढाणी के परेऊ गांव में मिसाइल जैसी चीज मिलने की पुष्टि हुई है।
बीकानेर में भी धमाके के बाद मिसाइल का खोल बरामद
बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र के कालू गांव में शुक्रवार रात जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों को गांव के पास मिसाइल का एक खोल मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और विशेषज्ञ इसकी जांच में जुटे हुए हैं कि ये खोल कहां से आया और इसका स्रोत क्या है। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है।
नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह
बढ़ते खतरे को देखते हुए सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है। सरकार और प्रशासन की ओर से नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की जा रही है। फिलहाल, भारत पूरी तरह से मुस्तैद है और किसी भी उकसावे का जवाब देने को तैयार है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

