Diwali 2024: दिवाली का पर्व पूरे देश में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पांच दिवसीय त्यौहार का आरंभ धनतेरस से हो गया था, और आज दिवाली के अवसर पर लोग अपने घरों में लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना कर रहे हैं। इस शुभ अवसर पर भगवान को विभिन्न पकवानों का भोग लगाया जा रहा है, और लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर त्यौहार की खुशियाँ बाँट रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की विजय के महापर्व दीपावली की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। कृपानिधान प्रभु श्री राम व माता जानकी सभी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें, यही कामना है।”
सीएम योगी ने अपने संदेश में दीपावली के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “आज दीपावली है, मैं आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देना चाहता हूँ। त्रेता युग में भगवान राम के वनवास पूरा होने पर दीपावली मनाई गई थी, और आज हज़ारों वर्षों बाद भी यह पर्व उसी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष की दिवाली विशेष है क्योंकि राम मंदिर का अभिषेक भी जनवरी में संपन्न हुआ। यह पर्व हमें जोड़े रखता है और जीवन से अंधकार को दूर करता है। मैं भगवान राम से प्रार्थना करता हूँ कि सभी के जीवन में खुशहाली आए।”
पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने भी दिवाली पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी। मायावती ने लिखा, “शुभ दीपावली। समस्त देशवासियों व उनके परिवार वालों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। साथ ही, भाई दूज और छठ पूजा की भी शुभकामनाएं।”
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में कहा, “प्रकाश पर्व दीपावली हमें अंधकार को समाप्त कर प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। आइए, अपने घरों को स्वदेशी दीपों, रंगोलियों व सजावट से आलोकित करें तथा रामभक्ति के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना को भी जागृत करें।” उन्होंने दीपों के प्रकाश को नमन करते हुए इसे समृद्धि, शुभता, स्वास्थ्य और शत्रु बुद्धि के विनाश का प्रतीक बताया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी और कहा, “सभी देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आपके जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि लेकर आए।”
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस पर्व को ‘प्रकाश की जीत का पर्व’ बताते हुए लिखा, “घने अंधेरे के विरुद्ध दीये-भर प्रकाश की जीत का त्योहार; अन्याय, असत्य और अहंकार के ऊपर न्याय, सत्य और शील की विजय का त्योहार। यह दीपावली सभी के जीवन में खुशियों का उजाला लाए।”
ये भी पढें..
Faridabad: पटाखे के धमाके में छात्र की मौत, बल्लभगढ़ के मंदावली गांव में दर्दनाक हादसा
त्यौहार के इस पावन अवसर पर पूरे देश में उल्लास का माहौल है। लोग घरों में दीप जलाकर, रंगोली सजाकर और मिठाइयों का वितरण कर दिवाली का पर्व मना रहे हैं। माँ लक्ष्मी और भगवान गणेश के आशीर्वाद से हर किसी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, यही कामना की जा रही है।

