चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने गेंदबाजों को बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने मैच के बाद गेंदबजों को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों को नो बॉल या अतिरिक्त वाइड फेंकने से बचना होगा, या फिर उन्हें एक नए कप्तान के अंदर खेलना होगा। यह मेरी दूसरी चेतावनी होगी और फिर मैं बाहर हो जाऊंगा।”
दरअसल कल शाम यानी सोमवार को चेन्नई और लखनऊ के बीच आईपीएल का छठा मुकाबला खेला गया। लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले खेलते हुए 218 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में लखनऊ सुपर जाइंट्स ने भी चेन्नई की टीम को टक्कर देते हुए 205 रन बनाए। लखनऊ महज 12 रनों से हार गयी।
गेंदबाजों से नाखुश धोनी
गेंदबाजों को जमकर हुई पिटाई को लेकर कप्तान महेंद्र सिंह धोनी काफी खफा नजर आए और मैच के बाद दिए इंटरव्यू में धोनी ने गेंदबाजों को नो बॉल और वाइड न फेकने की चेतावनी दी और कहा इसमें सुधार नहीं करेंगे तो वह कप्तानी से हट जायेंगे और उन्हें दूसरे कप्तान के अंदर खेलना होगा। यह उनकी दूसरी चेतावनी है।
बता दें कि कल के मैच में चेन्नई के गेंदबजों ने वाइड और नो बॉल फेककर काफी रन लुटाए। तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे, जो इंपैक्ट प्लेयर के रुप में सीएसके के लिए खेल रहे थे, ने मैच के अपने पहले ओवर में दो नो बॉल और तीन वाइड गेंदे फेंकी। उन्होंने 11 गेंदों का ओवर फेंका और 18 रन दिए। पूरे पावरप्ले के दौरान दीपक चाहर और बेन स्टोक्स ने भी रन लुटाए। स्टोक्स ने आईपीएल 2023 के अपने पहले ओवर में 18 रन दिए। पूरे पावरप्ले के दौरान दीपक चाहर की जमकर धुनाई हुई। उन्होंने पावरप्ले में तीन ओवर फेंके और 37 रन दिए।
अगला मैच मुंबई इंडियंस के साथ
जब सीएसके के गेंदबाजों की धुनाई हो रही थी, तब धोनी स्टंप्स के पीछे हताश खड़े थे। मैच के बाद, उन्होंने ने कहा, “तेज गेंदबाजी में हमें थोड़ा सुधार करने की जरूरत है। परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करने की जरूरत है। विपक्षी गेंदबाज क्या कर रहे हैं, इस पर नजर रखना महत्वपूर्ण है।” आईपीएल 2023 की अपनी पहली जीत हासिल करने के बाद, सीएसके शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना करेगी।

