Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा की पत्नी और लेडी डॉन जोया खान को गिरफ्तार कर लिया है। जोया पिछले कई सालों से हाशिम बाबा गैंग की कमान संभाल रही थी और बेहद शातिर तरीके से अपराध को अंजाम देती थी। हालांकि, इस बार वह खुद ही हेरोइन की सप्लाई करने निकली और दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस ने उसे वेलकम इलाके से एक करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। फिलहाल, वह चार दिन की पुलिस रिमांड पर है।
कौन है हाशिम बाबा और जोया खान?
हाशिम बाबा दिल्ली का कुख्यात गैंगस्टर है, जिसे जमुना पार का सबसे बड़ा बदमाश माना जाता है। उस पर हत्या, लूट, जबरन वसूली, आर्म्स एक्ट और मकोका जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, जोया खान उसकी तीसरी पत्नी है। जोया पहले भी शादीशुदा थी, लेकिन 2014 में तलाक लेने के बाद उसने 2017 में हाशिम बाबा से निकाह कर लिया।
जोया और हाशिम बाबा दोनों नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रहने वाले हैं और पड़ोसी थे। पहले दोस्ती और फिर प्यार के बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद जोया ने हाशिम बाबा के गैंग की कमान संभाल ली और उसके जेल जाने के बाद पूरे गैंग को ऑपरेट करने लगी। पुलिस के मुताबिक, वह अपराध की दुनिया में ठीक उसी तरह सक्रिय थी, जैसे 80 के दशक में दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर डी-कंपनी के गैर-कानूनी धंधों को संभालती थी।
जोया के शौक और क्राइम कनेक्शन
जोया को पेज थ्री पार्टियों में जाने, महंगे कपड़े पहनने और ब्रांडेड जूते खरीदने का शौक था। सोशल मीडिया पर उसकी मौजूदगी काफी एक्टिव थी और वह रील बनाने की भी शौकीन थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह अक्सर जेल में हाशिम बाबा से मिलने जाती थी और ये मुलाकातें गैंग के संचालन से जुड़ी होती थीं। बाबा उसे अपराध की ट्रेनिंग दे रहा था और वह गैंग के फरार बदमाशों से लगातार संपर्क में थी।
स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच कई सालों से उसे गिरफ्तार करने की फिराक में थे, लेकिन जोया इतनी चालाक थी कि वह हर बार बच निकलती थी। उसने पुलिस से आंख मिचौली के तरीके अच्छी तरह सीख लिए थे।
ये भी पढ़ें..
Meerut: मेरठ में रैपिड रेल कॉरिडोर के निर्माण में बाधा बनी मस्जिद को आपसी सहमति से हटाया गया
कैसे पकड़ी गई जोया?
स्पेशल सेल को इनपुट मिला था कि जोया ड्रग्स सिंडिकेट का हिस्सा है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और उसे नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के वेलकम इलाके से 270 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस को शक है कि उसने यह हेरोइन मुजफ्फरनगर से मंगवाई थी।
पुलिस को यह भी संदेह है कि नादिर शाह हत्याकांड में जोया ने शूटर्स को शरण देने में मदद की थी। इस सिलसिले में भी पुलिस उसके खिलाफ सबूत इकट्ठा कर रही है।
अपराध की दुनिया से परिवार का नाता
जोया का परिवार भी अपराध की दुनिया से जुड़ा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, उसकी मां साल 2024 में सेक्स रैकेट से जुड़े एक मामले में जेल गई थी और फिलहाल जमानत पर बाहर है। वहीं, उसके पिता ड्रग्स सप्लाई के धंधे में शामिल हैं।
जोया का अपने इलाके में इतना दबदबा था कि उसके आसपास हमेशा चार-पांच हथियारबंद गुर्गे मौजूद रहते थे। ये सभी हाशिम बाबा गैंग के खास लोग थे। वह जमुना पार में गैंग को चला रही थी और उसकी गतिविधियों की वजह से इलाके में कई गैंगवार भी हो चुके हैं।
दिल्ली में गैंगवार और जोया का कनेक्शन
दिल्ली के जमुना पार इलाके में कई गैंग सक्रिय हैं, जिनमें छेनू गैंग, हाशिम बाबा गैंग और नासिर पहलवान गैंग शामिल हैं। इन सभी की शुरुआत ड्रग्स सप्लाई के धंधे से हुई थी और 2007 से इनके बीच खूनी गैंगवार जारी है।
अवैध वसूली से मिलने वाला मोटा पैसा सीधे हाशिम बाबा गैंग तक पहुंचता था, जिसे जोया नियंत्रित कर रही थी। लेकिन इस बार पुलिस ने उसे धर दबोचा है और अब उससे जुड़े कई और राज खुलने की संभावना है।

