Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीते 24 घंटों के दौरान तेज़ आंधी और हल्की बारिश के कारण राजधानी का मौसम ठंडा हो गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलती दिखी। बदलते मौसम के इस मिजाज ने जहां तापमान को कुछ हद तक संतुलित किया, वहीं हवाओं ने वातावरण को भी थोड़ा साफ किया।
मंगलवार को कैसा रहा तापमान
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर था। हवा में नमी का स्तर 57 प्रतिशत से घटकर 30 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। दिल्ली के कुछ हिस्सों में तापमान बाकी क्षेत्रों से भी अधिक रहा। रिज क्षेत्र में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे ये इलाके राजधानी के सबसे गर्म क्षेत्र बनकर उभरे।
आज कैसा रहेगा मौसम?
बुधवार, 15 मई को मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। दिनभर 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।
आगे क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि 15 और 16 मई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। खासकर 16 मई को दिल्ली-एनसीआर में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ धूल भरी आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बावजूद तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। 19 मई तक हल्की हवाएं चलती रहेंगी और बादल छाए रहेंगे, जिससे वातावरण अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।
नागरिकों को क्या रखना चाहिए ध्यान?
इस बदलते मौसम (Delhi Weather) में नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के कारण सड़क और दृश्यता पर असर पड़ सकता है, इसलिए यात्रा करते समय सावधानी बरतें। साथ ही, तापमान में उतार-चढ़ाव और नमी के चलते सर्दी-खांसी जैसी मौसमी बीमारियों से भी सतर्क रहना ज़रूरी है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time