Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में तापमान बढ़ने लगा है और दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों में मौसम करवट ले सकता है और राजधानी के कई इलाकों में बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते के लिए जारी पूर्वानुमान में लगातार तीन दिन बारिश की चेतावनी दी है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
मंगलवार को गर्मी, तेज हवाओं की संभावना
मंगलवार की सुबह दिल्ली में धूप खिली और न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.7 डिग्री अधिक है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को दिनभर तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बुधवार से बदल सकता है मौसम
बुधवार को मौसम विभाग ने दिन के दौरान तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और यह 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गुरुवार से हल्की बारिश के आसार
गुरुवार को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
होली पर भी हो सकती है बारिश
होली के दिन यानी शुक्रवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, शनिवार को भी हल्की बारिश हो सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की कमी आ सकती है और अधिकतम तापमान 3 डिग्री कम होकर 31 डिग्री तक जा सकता है।
रविवार और सोमवार को धुंध की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 मार्च को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री रह सकता है। इसके बाद रविवार और सोमवार को दिल्ली में हल्की धुंध छाने की संभावना है। इन दोनों दिनों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक गिर सकता है।
यह भी पढ़ें: Noida: नोएडा प्राधिकरण की संपत्तियों पर अवैध कब्जा, जिम्मेदारों की चुप्पी पर उठे सवाल
कुल मिलाकर राहत देने वाला रहेगा मौसम
दिल्लीवासियों के लिए आने वाले दिन राहत भरे हो सकते हैं। तेज गर्मी के बाद हल्की बारिश और हवाओं से मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है। हालांकि, धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।