Delhi Weather Update: दिल्ली में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और राजधानीवासियों को इस सप्ताह बारिश के झोंकों के बीच भीगने का मौका मिलने वाला है। मौसम विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों तक दिल्ली में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होती रहेगी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश भी हो सकती है।
बुधवार का मौसम कैसा रहेगा?
बुधवार को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि गरज के साथ बहुत हल्की बारिश हो सकती है, जिससे मौसम खुशनुमा बना रहेगा।
बारिश ने दी तपती गर्मी से राहत
सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे के बीच दिल्ली में 2.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मंगलवार को भी सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहा। दिन के समय हल्की धूप तो निकली, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की फुहारों ने मौसम को सुहाना बनाए रखा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 64 प्रतिशत रहा।
दिल्ली के इलाकों में कैसा रहा तापमान?
- लोधी रोड: अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री
- रिज क्षेत्र: अधिकतम 34, न्यूनतम 22.7 डिग्री (सबसे कम)
- आया नगर: अधिकतम 33.4, न्यूनतम 25.6 डिग्री
- पालम: अधिकतम 33, न्यूनतम 24.1 डिग्री
- लोधी रोड: न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री
बारिश का आंकड़ा, कहां कितनी बरसात हुई?
मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में दर्ज की गई वर्षा (मिलीमीटर में):
- मयूर विहार: 2.5 मिमी
- पालम: 27.2 मिमी
- आया नगर: 22.6 मिमी
- रिज: 1.4 मिमी
- नजफगढ़: 11 मिमी
- सफदरजंग वेधशाला: 2.5 मिमी
- लोधी रोड: 1.8 मिमी
जून में सामान्य से अधिक हुई बारिश
इस साल जून महीने में दिल्ली में औसतन 107.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य 74.1 मिमी के मुकाबले करीब 45% ज्यादा है। हालांकि पिछले वर्ष 2024 में जून में 243.4 मिमी बारिश हुई थी। लेकिन इस बार भी बीते 8 वर्षों में यह जून का दूसरा सबसे अधिक बारिश वाला महीना रहा है। साल 2017 में जून में 191.9 मिमी वर्षा हुई थी।
बारिश के लिए तैयार रहें
दिल्ली में मानसून पूरी रफ्तार पकड़ चुका है और अगले कुछ दिनों तक छाता और रेनकोट लोगों की ज़रूरत बनने वाले हैं। तापमान में आई गिरावट से जहां राहत मिली है, वहीं उमस भी कम हुई है। मौसम विभाग की मानें तो यह बारिश का सिलसिला अगले हफ्ते तक जारी रह सकता है।
ये भी देखें : ‘जंगलराज’ के आरोप पर तेजस्वी यादव का पलटवार !,क्या कह गए ऐसा?