Delhi Weather Update: दिल्ली के मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार सुबह हल्की धुंध छाई रही, हालांकि दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि के संकेत हैं।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राष्ट्रीय राजधानी में 11 और 12 मार्च को तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में आंशिक गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 मार्च तक अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
13 और 14 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी के मुताबिक, 13 मार्च को दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 14 मार्च यानी होली के दिन हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। 15 मार्च को भी बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
औसत से 4 डिग्री ज्यादा तापमान
रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से कम रहा। दिनभर सापेक्षिक आर्द्रता 40 से 91 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: Noida: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र समेत जिलेभर में महंगी होगी संपत्ति, सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी
दिल्ली में फिर बिगड़ी हवा की गुणवत्ता
राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण स्तर एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 208 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
AQI के मानकों के अनुसार:
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आगामी दिनों में हवाओं की गति बढ़ने से वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हो सकता है।