Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में इस साल मई की तपिश का असर अपेक्षाकृत कम रहा है। लगातार आंधी और बेमौसम बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है और लोगों को चुभनभरी गर्मी से राहत मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस बार मई महीने का औसत तापमान सामान्य से करीब ढाई डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि महीने के बचे हुए दिनों में भी झुलसाने वाली गर्मी की कोई खास संभावना नहीं है। मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही, फिर भी अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम 37.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था।
सबसे अधिक तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस
हवा में नमी का स्तर भी खासा रहा । अधिकतम 87 प्रतिशत और न्यूनतम 46 प्रतिशत दर्ज किया गया। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में तापमान में मामूली अंतर देखा गया। आया नगर में सबसे अधिक तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पालम में 36.9 डिग्री, लोधी रोड पर 36.6 डिग्री और रिज में 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग (Delhi Weather) के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और गरज के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इसके अलावा, विभाग ने 29 और 30 मई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है। इस कारण अधिकतम तापमान गिरकर 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
गर्मी के इस मौसम में राहत देने वाले इन बदलावों से दिल्लीवासियों को कुछ समय के लिए तपिश से राहत जरूर मिलेगी। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून पूर्व यह मौसम परिवर्तन सामान्य है, लेकिन जलवायु में हो रहे बदलावों का असर भी इससे जुड़ा हो सकता है।

