Delhi Weather: दिल्लीवासियों को बीते कुछ दिनों से राहत देने वाली बारिश ने अब अलविदा कह दिया है और गर्मी एक बार फिर से अपने तीखे तेवर दिखाने को तैयार है। राजधानी में बारिश के बाद मौसम भले ही कुछ समय के लिए सुहावना हो गया था, लेकिन अब मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।
तेज धूप और साफ आसमान ने बढ़ाई गर्मी
सोमवार को सुबह से ही सूरज ने तेज धूप के साथ दस्तक दी। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप की तीव्रता भी बढ़ती गई और आसमान एकदम साफ बना रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर 64 प्रतिशत से घटकर 30 प्रतिशत तक आ गया, जिससे गर्मी के साथ-साथ हल्की उमस भी महसूस की गई।
मंगलवार को आंशिक रूप से बादल, लेकिन राहत नहीं
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिनभर गर्म हवा चलेगी, जिसकी रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। कुछ समय के लिए हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है। ऐसे में तापमान में और वृद्धि देखी जा सकती है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि देखने को मिल सकती है और पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ सकता है।
सावधानी है जरूरी
विशेषज्ञों (Delhi Weather) का कहना है कि गर्मी से बचने के लिए लोगों को दिन के समय, विशेष रूप से दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनना, और धूप में निकलते समय सिर को ढक कर रखना जरूरी है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

