Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में लगातार बढ़ती गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि राजधानी दिल्ली में आज और कल शाम को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव के अनुसार, इस बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
गर्मी से बेहाल राजधानी
बीते कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और उमस ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रखा है। तापमान लगातार 42 डिग्री के आसपास पहुंच रहा था, जिससे गर्मी असहनीय हो गई थी। ऐसे में मौसम विभाग का यह पूर्वानुमान दिल्लीवासियों के लिए किसी राहत से कम नहीं है।
मध्य और पूर्वी भारत में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों के लिए भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। इन राज्यों में अगले 7 दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है:
- मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले सप्ताह तक तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की संभावना है।
- बिहार में 17 और 18 मई तथा झारखंड में 18 और 19 मई को तेज हवाओं के साथ अचानक बारिश हो सकती है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पहाड़ी राज्यों का हाल
पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 16 से 21 मई के बीच बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे इन क्षेत्रों में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। उत्तराखंड में 16 मई, जबकि हिमाचल प्रदेश में 19 मई को बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है और ठंड का एहसास दोबारा लौट सकता है।
क्या कहना है विशेषज्ञों का?
मौसम विशेषज्ञों (Delhi Weather) के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों का परिणाम है। गर्मी के मौसम में ऐसे बदलाव सामान्य माने जाते हैं, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत भी अब नजर आने लगी है, जिससे आने वाले दिनों में और अधिक राहत की उम्मीद की जा सकती है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

