Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से राजधानी में प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो चुका है, जो आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकता है। न केवल दिन का तापमान बल्कि रातों का पारा भी चौंकाने वाले स्तर तक पहुंचने वाला है। सोमवार को रात का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है, जो सामान्य से काफी अधिक है।
रविवार को रहा अपेक्षाकृत राहत भरा मौसम
रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.8 डिग्री कम था। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में भी अंतर देखा गया—रिज क्षेत्र में सबसे अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस का तापमान दर्ज हुआ, जबकि मयूर विहार में न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया।
बारिश थमी, गर्म हवाओं का असर
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को सुबह 8:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक कुल 13 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि रविवार शाम को कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलीं और कहीं-कहीं हल्की फुहारें भी पड़ीं, लेकिन सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है। बादल छाए रहने की संभावना है और हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जो कभी-कभी 35 किमी/घंटा तक भी जा सकती हैं।
सोमवार को तापमान और गर्मी का स्तर
सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है। यह स्थिति राजधानी में तेज गर्मी के संकेत दे रही है। मौसम विभाग ने किसी भी प्रकार का अलर्ट तो जारी नहीं किया है, लेकिन लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने के लिए।
बढ़ती उमस और वायु गुणवत्ता की स्थिति
रविवार को दिल्ली में हवा में नमी का स्तर 74% से घटकर 34% तक रहा, जिससे उमस और चिपचिपाहट बढ़ गई। वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 158 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
आने वाले दिनों में सावधानी जरूरी
तेज धूप (Delhi Weather), गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा दिए गए संकेतों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और इज़ाफा हो सकता है, जिससे लू जैसी स्थिति भी बन सकती है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

