Delhi Weather News : राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली। दिन में जहां तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं दोपहर बाद चली तेज धूल भरी हवाओं और आसमान में छाए हल्के बादलों ने गर्मी की तपिश को कुछ कम किया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में राजधानीवासियों को लू से राहत मिलने के आसार हैं, हालांकि बारिश की संभावना अभी नहीं है।
लू से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग का कहना है कि 27 अप्रैल से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। इस दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 10 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लू की स्थिति नहीं बनेगी, जिससे लोगों को गर्मी की मार से कुछ राहत मिल सकती है।
शनिवार को आई धूल भरी आंधी का असर दिल्ली एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी देखने को मिला। कई विमानों को रनवे पर उतारा नहीं जा सका, जिससे अन्य फ्लाइट्स को भी हवा में ही इंतजार करना पड़ा। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई, जिसके चलते एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे घर से निकलने से पहले अपनी एयरलाइंस से उड़ान की जानकारी जरूर लें।
तापमान का हाल और पूर्वानुमान
शनिवार को दर्ज किया गया 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। हालांकि, शाम होते-होते मौसम में बदलाव देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
29 अप्रैल से 2 मई तक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान हवाएं 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जिससे गर्मी का असर कुछ हद तक कम हो सकता है।
बारिश की उम्मीद नहीं
हालांकि दिल्लीवासियों (Delhi Weather News) को हल्की राहत मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग का साफ कहना है कि इस सप्ताह बारिश की कोई संभावना नहीं है। बावजूद इसके, लू जैसी स्थिति नहीं बनेगी और बादलों की आवाजाही और हवाएं मौसम को कुछ हद तक सुहाना बनाए रखेंगी।
एनसीआर में भी राहत के आसार
गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद जैसे एनसीआर के इलाकों में भी दिल्ली जैसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इन क्षेत्रों में भी तापमान में मामूली गिरावट और हवाओं के चलते लोगों को कुछ राहत महसूस हो सकती है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time