Delhi Weather News : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से क्षेत्र में तेज गर्मी और लू की स्थिति देखने को मिल सकती है। शुक्रवार सुबह राजधानी का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
अगर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, तो यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान होगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक सताएगी और 26 अप्रैल तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
पिछले 24 घंटे का हाल
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसतन सामान्य से 2.7 डिग्री कम था। हवा में नमी का स्तर सुबह 60 प्रतिशत और दोपहर तक घटकर 13 प्रतिशत तक आ गया, जिससे गर्मी और अधिक महसूस हुई।
आने वाले दिनों का अनुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 26 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा और लू की स्थिति बनी रह सकती है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। हवा की गति 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। हालांकि राहत की खबर यह है कि 28 अप्रैल से तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
सावधानी जरूरी
गर्मी और लू (Delhi Weather News) से बचाव के लिए मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा हल्के और ढीले कपड़े पहनने, पानी और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने, और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time