Delhi Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के एनसीआर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश ने लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से बड़ी राहत दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में भी मौसम सुहाना बना रहेगा और लू से राहत का सिलसिला जारी रहेगा।
शनिवार रात दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और मूसलधार बारिश हुई, जिसने पिछले 125 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रविवार सुबह 5:30 बजे तक कुल 81.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस मौसम के लिहाज़ से असामान्य रूप से अधिक है। इसके चलते तापमान में भी खासा गिरावट देखी गई।
रविवार को मौसम हल्का गर्म रहा। सूरज की झलक जरूर दिखी, लेकिन उमस और तीखी गर्मी से राहत बनी रही। अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 49 प्रतिशत तक रहा, जो बारिश के मौसम के अनुकूल माना जाता है।
आगे क्या रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आज 26 मई से लेकर 30 मई तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना रहेगा। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हालांकि तेज धूप के बावजूद उमस नहीं होगी और बारिश की वजह से गर्मी की तीव्रता कम महसूस होगी। नोएडा, गाजियाबाद और गुड़गांव में मौसम और भी सुहावना बना रहेगा। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।
क्यों है यह बारिश खास?
इस बार की बारिश (Delhi Weather) न केवल राहत देने वाली रही, बल्कि यह ऐतिहासिक भी बन गई। 125 साल में पहली बार मई के महीने में इतनी अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे राजधानी के मौसम ने अप्रत्याशित करवट ली है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव वैश्विक जलवायु परिवर्तन और पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों का परिणाम हो सकता है।
ये भी पढ़ें : ED Raid: जेपी ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, 12,000 करोड़ के घोटाले में 15 ठिकानों पर छापेमारी
ये भी देखें : Maharashtra Politics: नए वक्फ कानून पर भड़के ओवैसी!, आखिर क्यों घेरा मोदी सरकार?

