Delhi Road Rage: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर रोडरेज का दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में नांगलोई इलाके में मामूली बात पर एक कार चालक ने पुलिस कांस्टेबल को कुचलकर मार डाला। इतना ही नहीं, आरोपी कांस्टेबल को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया और फिर दूसरी कार से कुचल दिया।
घटना बीती रात की है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कांस्टेबल ने रात के समय आरोपियों से अपनी कार हटाने को कहा था। इसके जवाब में उन्होंने कांस्टेबल को करीब 10 मीटर तक घसीटा और फिर दूसरी कार से टक्कर मार दी। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया और पुलिस फिलहाल उसकी तलाश कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब तस्करी में शामिल है।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा, “दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। यह पूरी तरह से अराजकता है। देश की राजधानी में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिल्ली की कानून-व्यवस्था अमित शाह के अधिकार क्षेत्र में आती है। उन्हें ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।”
यह भी पढ़ें: Noida News: अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर एक्शन, प्रशासन ने 15 करोड़ की संपत्ति को कराया कब्जा मुक्त
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल इससे पहले दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की आलोचना कर चुके हैं। गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आती है, दिल्ली सरकार के अधीन नहीं। इस वजह से अक्सर दोनों सरकारों के बीच वैचारिक मतभेद होते रहे हैं।

