Delhi Politics: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भेजे पत्र में मनोनीत मुख्यमंत्री आतिशी के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख 21 सितंबर प्रस्तावित की है। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एलजी ने निवर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी राष्ट्रपति मुर्मू को भेज दिया है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि वह दिल्ली में रैलियां आयोजित करेगी, जहां अरविंद केजरीवाल जनता से फीडबैक लेंगे।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे पत्र में मनोनीत मुख्यमंत्री आतिशी के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख 21 सितंबर प्रस्तावित की है। इतना ही नहीं एलजी ने निवर्तमान सीएम अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी राष्ट्रपति मुर्मू को भेज दिया है। हालांकि आप विधायक दल की ओर से मनोनीत सीएम के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अभी तक कोई तारीख प्रस्तावित नहीं की गई है।
आतिशी को मिल सकती है’जेड’ श्रेणी की सुरक्षा
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही मंगलवार को केजरीवाल ने उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा था। आतिशी ने भी दिल्ली में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इस बीच, अधिकारियों ने कहा है कि आतिशी को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा दी जा सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में आतिशी की सुरक्षा पर फैसला लिया जाएगा। मौजूदा प्रोटोकॉल के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री को ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा दी जाती है। इस श्रेणी के तहत, दिल्ली पुलिस शिफ्ट में करीब 22 जवानों को तैनात करती है।
केजरीवाल लोगों से लेंगे फीडबैक
केजरीवाल की सुरक्षा की भी समीक्षा की जाएगी, क्योंकि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। केजरीवाल को फिलहाल ‘जेड प्लस’ सुरक्षा मिली हुई है, जिसमें हर शिफ्ट में करीब 40 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता संदीप पाठक ने कहा कि पार्टी दिल्ली में रैलियां करेगी, जिसके दौरान अरविंद केजरीवाल लोगों से बातचीत करेंगे और उनकी ईमानदारी पर प्रतिक्रिया लेंगे।
उन्होंने कहा कि इन रैलियों के बारे में आज या कल घोषणा की जाएगी। केजरीवाल ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जेल में रहते हुए इस्तीफा नहीं दिया। उन्होंने अपने आदर्शों के कारण अब इस्तीफा दिया है। भाजपा हर जगह सरकारें गिरा रही है। जेल में रहते हुए इस्तीफा न देकर केजरीवाल ने भाजपा की योजनाओं को विफल कर दिया।

