Delhi News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया एक बार फिर विवादों में घिरते दिख रहे हैं। उनकी पत्नी भानवी कुमारी सिंह ने दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव थाने में उनके खिलाफ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
भानवी सिंह ने राजा भैया के खिलाफ धारा 498A के तहत मामला दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है। इससे पहले भी यह मामला क्राइम अगेंस्ट वूमेन सेल में चल रहा था, लेकिन अब इसे पुलिस थाने में दर्ज किया गया है।
शादी के बाद से ही प्रताड़ना का आरोप
भानवी सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उनके पति राजा भैया पूर्व शाही परिवार से संबंध रखते हैं और अवध क्षेत्र की भद्री एस्टेट से आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा। राजा भैया अधिकतर लखनऊ में रहते थे, जबकि वह कुंडा में उनके घर बैती कोठी में अकेली रहती थीं। उन्होंने अपनी सास पर भी वैवाहिक जीवन में दखल देने का आरोप लगाया।
भानवी सिंह ने कहा कि 30 साल की शादी में उन्हें कई बार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजा भैया अक्सर उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते थे, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। अब उन्हें अपने जीवन के लिए खतरा महसूस हो रहा है, इसलिए उन्होंने सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले भी राष्ट्रीय महिला आयोग और दिल्ली विधिक सेवा प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन परिवार में शांति बनाए रखने के लिए आगे कार्रवाई नहीं की।
यह भी पढ़ें: Delhi News: सोशल मीडिया पर निवेश के लुभावने ऑफर से रहें सतर्क, AI के जरिए कर रहे थे ठगी, दो गिरफ्तार
राजा भैया और उनके करीबी की प्रतिक्रिया
इस पूरे विवाद पर राजा भैया ने कोई सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन हिन्दी अखबार दैनिक जागरण के अनुसार उन्होंने कहा कि एफआईआर में क्या लिखा है, इसकी जानकारी उन्हें अभी तक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी बात अदालत के सामने रखेंगे। वहीं, राजा भैया के करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी ने भानवी सिंह पर ही गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भानवी संपत्ति के लालच में अपने माता-पिता पर भी कई बार हाथ उठा चुकी हैं।