Delhi News : दिल्ली के नांगलोई इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले प्रॉपर्टी डीलर की पिटाई की, फिर उनके एक दोस्त पर चाकू से हमला किया। वारदात के बाद आरोपी कार्यालय में तोड़फोड़ कर फरार हो गए।
घटना 16 अप्रैल की रात करीब साढ़े सात बजे की है। 23 वर्षीय दीपक सिंह कमरुद्दीन नगर में ‘बजरंग प्रॉपर्टीज एंड फाइनेंस’ नामक कार्यालय चलाते हैं। पुलिस को दी शिकायत में दीपक ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कार्यालय में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार कुछ युवक पहुंचे, जिनके हाथों में लाठी, डंडे और चाकू थे। हमलावरों ने कार्यालय के बाहर लगे शीशे पर पथराव कर दिया और फिर जबरन अंदर घुस गए।
लाठी-डंडों से किया हमला
दीपक का आरोप है कि अंदर घुसते ही हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस बीच उनका दोस्त दीपांशु खुद को बचाते हुए कार्यालय से बाहर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल दीपांशु को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उसे लोकनायक अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। घायल दीपांशु बयान देने की हालत में नहीं था, इसलिए पुलिस ने दीपक का बयान दर्ज कर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है।
बाहरी जिला (Delhi News) पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और मामले की तफ्तीश जारी है।

